आपदा से निपटने को प्रशासन अलर्ट मोड पर – कलेक्टर की अगुवाई में हुई उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक”

Spread the love

आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत बैठक आयोजित

——————————-

विभागों को सक्रियता, समन्वयता, गंभीरता से कार्य करने के दिये निर्देश_ ——————————-

फिल्ड भ्रमण करें एवं सूचना तंत्र मजबूत रखें- कलेक्टर श्री सिंह_

——————————-

बुरहानपुर/ राष्ट्रीय परिस्थितियों और वर्तमान परिदृश्य के दृष्टिगत केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों के परिपालन में आपदा प्रबंधन अंतर्गत कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों, अन्य विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित रही।

 

कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने, सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने अधिकरियों से चर्चा करते हुए विभागीय सेवायें दुरस्त रखने, आपसी समन्वयता एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिये।

 

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि, सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें तथा जिले में नागरिक सुरक्षा योजना के तहत तैयारियां सुनिश्चित रखें। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत भ्रमण करने के निर्देश भी दिये।

 

कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण निकाय, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, होमगार्ड, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, बीएसएनएल, पीएचई विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाय सहित अन्य विभागों से विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निर्देशानुसार जिले में नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित रहेगा।

 

पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में शांति एवं सुरक्षा की दृष्टि से बैठक लेवें। अपना सूचना तंत्र मजबूत रखें। उन्होंने कहा कि, सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिले की शांति को प्रभावित करने वाली कोई भी गतिविधि सोशल मीडिया पर नजर आती है तो तुरंत कानूनी कार्यवाही की जायेगी। किसी भी घटना एवं गतिविधि की सूचना तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारी को देवें।

 

यह दिये महत्वपूर्ण निर्देशः-

1. आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत जिले के समस्त अस्पतालों में सभी प्रकार की आवश्यक जीवन रक्षक दवाईयां, उपकरण उपलब्ध रहें। डॉक्टर मय स्टॉफ उपस्थित रहे तथा ब्लड बैंक में सभी ग्रुपों के रक्त की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहे।

2. जिले में पर्याप्त खादय सामग्री, पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित रहें।

3. लोक स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग यह सुनिश्चित करें कि, पेयजल की पूर्ण व्यवस्था उपलब्ध रहें।

4. जिलों के अतिसंवेदनशील स्थलों की सूची को अद्यतन करने के निर्देश दिये गये। जिसमें अस्पताल, पावर प्लांट, तेल एवं गैस के डिपो, धार्मिक स्थल, भारत सरकार के संस्थान की जानकारी अद्यतन कर रखी जाए।

5. ग्राम एवं पंचायत स्तर पर नागरिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी देने की कार्यवाही करें जिससे लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना बनी रहे।

6. अग्निशमन सेवाओं को सक्रिय रखने एवं उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिये गये।

7. संचार सेवाओं को सुचारू रखा जायें। इस हेतु दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वयता से कार्य करें।

8. आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये वहीं गैर सरकारी संगठनों, राष्ट्रीय सेवा योजना और एनसीसी एवं सिविल स्वयं सेवकों की भागीदारी सुनिश्चित किये जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु भी निर्देशित किया गया। विद्युत प्रदाय की निरंतर आपूर्ति की व्यवस्था के संबध में भी निर्देश दिये गये।

बैठक में डीएफओ श्री सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री लता शरणागत, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *