“लोकमाता के सिद्धांतों को सलाम: देवी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती पर बुरहानपुर में ऐतिहासिक समापन समारोह”

Spread the love

लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी की 300वीं जयंती का समापन समारोह संपन्न

बुरहानपुर/- लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित त्रिशताब्दी वर्षगांठ का समापन समारोह अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को परमानंदजी गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ के साथ ही लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गयी।

 

देवी अहिल्याबाई जी का जीवन समाज, संस्कृति और राष्ट्र के लिए समर्पित रहा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व भारत की अमोल निधि है। उन्हें समाज ने लोकमाता, मातोश्री, न्यायप्रिया, राजमाता आदि से संबोधित किया। यह संबोधन समाज का उनके प्रति सम्मान, श्रृद्धा और आदर्श भाव को प्रकट करते है। उनकी कार्य शैली, व्यवहार, कर्म-कर्तव्य का पालन, विपरीत और विषम परिस्थिति में भी स्थिर रहना, उचित समय पर उचित निर्णय, दूरदृष्टि, संकल्प की दृढ़ता, प्रशासनिक कौशल अद्भुत था। उनके कालजयी विचार और व्यवहार हर युग में ‘‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’’ का संदेश देते हैं।

 

कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी का जीवन प्रेरणादायक है। उनके द्वारा किये गये कार्यों एवं विचारों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। व्यक्ति निर्माण, समाज निर्माण, नारी सशक्तिकरण, प्रकृति-पर्यावरण संवर्धन और भारत के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्प्रतिष्ठा का कार्य उनके विराट व्यक्तित्व को अभिव्यक्त करता है।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने कहा किए उनके अद्वितीय कार्यों एवं सुशासन हमें प्रेरित करते है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने संबोधन से उपस्थितजनों को लाभान्वित किया। समापन समारोह में इतिहासकार श्री हुसंगशाह हवलदार ने लोकमाता अहिल्याबाई जी के जीवनी से, उपस्थितजनों को अवगत कराया।

 

जागृति कला केंद्र के निदेशक श्री मुकेश दरबार एवं उनकी टीम के द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी के जीवन दर्शन और जीवनी पर आधारित शौर्यगाथा का गायन किया गया। इसके साथ ही स्कूली छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुति भी दी।

 

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों एवं विभागों में नेतृत्व विकास और उत्कृष्ट कार्य करने पर नारी शक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, सीईओ जिला पंचायत सुश्री लता शरणागत, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, सहित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *