
बुलढाणा जिल्हा (प्रतिनिधि) —
प्रश्न का उत्तर नहीं देने पर एक शिक्षक द्वारा चौथी कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना 23 जनवरी को जिला परिषद प्राथमिक शाला, पिंपलगांव राजा में हुई। छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायण देविदास इंगळे (उम्र 37), निवासी हरिप्रसाद कॉलोनी, पिंपलगांव राजा ने पिंपलगांव राजा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उनके पुत्र पवन नारायण इंगळे, जो उक्त स्कूल में चौथी कक्षा में अध्ययनरत है, से शिक्षक चिम ने एक प्रश्न पूछा। उत्तर न दे पाने पर शिक्षक ने छात्र को स्केल से जांघ, पीठ और हाथों पर मारकर घायल कर दिया।
मेडिकल प्रमाण पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक चिम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 118(1) तथा बाल न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है।
केवल प्रश्न का उत्तर न देने पर की गई इस मारपीट की घटना से खामगांव पंचायत समिति के शिक्षा क्षेत्र में खलबली मच गई है। मामले की जांच थानेदार भागवत मुलीक के मार्गदर्शन में पोहेकां धीरज देशमुख कर रहे हैं।