अवैध पटाखा फैक्ट्री पर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नितिन झवर की रिपोर्ट
खंडवा। कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोघट थाना क्षेत्र अंतर्गत सम्यक गोल्ड कॉलोनी में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अबे ग्रुप से संचालित इस अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान सुतली बम बनाने का कारखाना और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिस भवन में फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, वह पहले क्लब हाउस के रूप में बना हुआ था और बताया जा रहा है कि यह कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट के नाम पर दर्ज है। वहीं फैक्ट्री के संचालन को लेकर कांग्रेस नेता इमरान पीरियानी का नाम सामने आया है।
पुलिस ने मौके से सामग्री जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य जिम्मेदारों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध विस्फोटक निर्माण और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।