खंडवा
रिपोर्ट नितिन झवर
विद्या नगर में गुलमोहर का पेड़ गिरा, दो कारें क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे लाल चौकी क्षेत्र स्थित विद्या नगर में एक गुलमोहर का पेड़ जड़ सहित गिर गया। पेड़ बगीचे के बाहर खड़ी चार पहिया वाहनों पर आ गिरा, जिससे आगे खड़ी दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत रही कि हादसा सुबह 6 बजे हुआ, उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे। यदि यह घटना दिन के समय होती तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
वार्ड पार्षद सीमा महेंद्र यादव ने बताया कि गुलमोहर के पेड़ में दीमक लग चुकी थी। इसी कारण पेड़ अचानक कमजोर होकर जड़ से उखड़ गया और वाहनों पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल नगर निगम को सूचना दी गई।
सूचना पर नगर निगम के उद्यान विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ की कटाई कर मार्ग को साफ कराया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल एमपीपी को सूचना देकर विद्युत लाइन बंद करवाई गई, जिससे कोई और दुर्घटना न हो सके।
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और नगर निगम से पुराने व जर्जर पेड़ों की समय रहते जांच व कटाई की मांग की है।