जिले में औद्योगिक विस्तार को लेकर बैठक संपन्नउद्योगों के विकास, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था
सहित मुख्य बिन्दुओं पर हुई चर्चा ।
बुरहानपुर, जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के मीटिंग हॉल में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित रही।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार भी उपस्थित रहे। उद्योग विभाग अंतर्गत आयोजित बैठक में जिले में उद्योग क्षेत्र के विकास, रोजगार विस्तार एवं कौशल को गति प्रदान करने सहित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए पुलिस विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग तथा बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करना, बैंकिंग सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, कलस्टरों एवं विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई।
मीटिंग में कलेक्टर श्री सिंह ने फायर स्टेशन को लेकर नगर निगम को निर्देश दिए ताकि आग जनित घटनाओं को नियंत्रित किया जा सके। वहीं उन्होंने उद्योगों में अपने स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा फायर एनओसी करवाने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की प्रोफाइल तैयार रखने एवं क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे संचालन के संबंध में भी बात कही। इसके अतिरिक्त बैठक में जिले में ‘‘एक जिला-एक उत्पाद’’ के तहत केला से जुड़े उद्योगों में तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, एसडीएम बुरहानपुर श्री अजमेर सिंह गौड़, जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक श्री आत्माराम सोनी, उद्यानिकी, बैंक, श्रम, विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिले के उद्योगपति मौजूद रहे।