“पुश्तैनी जमीन का विवाद बना जानलेवा ड्रामा, 5 घंटे टावर पर बैठा रहा युवक”

Spread the love

खंडवा

संवाददाता नितिन झवर

 

 

जमीन विवाद में हाई वोल्टेज ड्रामा, युवक चढ़ा हाई टेंशन टावर पर

खंडवा।

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जूना पानी में मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब जमीन विवाद से नाराज एक युवक हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई है।

रोहित का आरोप है कि यह जमीन उसकी पुश्तैनी है, जिस पर उसका परिवार कई वर्षों से खेती करता आ रहा है। युवक के अनुसार कुछ वर्षों से पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा के समर्थकों द्वारा उक्त जमीन को अपनी बताकर उसे परेशान किया जा रहा है। रोहित ने यह भी बताया कि जब वह अपने कागजात लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा तो वहां आवेदन फेंक दिया गया और जेल भेजने की धमकी दी गई, जिससे वह बेहद आहत हो गया।

इन्हीं कारणों से नाराज होकर रोहित मंगलवार सुबह करीब 10:00 बजे खेत से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

 

युवक सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक टावर पर ही बैठा रहा। उसका कहना था कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और वह न्याय चाहता है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए थे, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस और प्रशासन द्वारा युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जाते रहे, वहीं मामले की जांच भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *