सूनगांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में संदिग्ध पर मामला दर्ज।
सूनगांव में 29 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, मानसिक प्रताड़ना का आरोप
सूनगांव :
तहसील जळगांव जामोद के सूनगांव में एक 29 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
और ग्रामवासियों में हताशा का माहौल है।
मृतक का नाम गणेश मिरटकर (उम्र 29 वर्ष) बताया गया है। वह सूनगांव ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश ने अपने घर के पास स्थित बकरी के शेड में मोटरसाइकिल के एक्सीलेटर की लोहे की तार से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर के समय उजागर हुई।
मृतक की मां ने पुलिस में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि सोने के बंटवारे को लेकर आरोपी रवि धुले द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर गणेश ने यह कदम उठाया, ऐसा गंभीर आरोप लगाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 351 (2) के तहत संदिग्ध आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मामले की आगे की जांच थाना प्रभारी नितीन पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक नागेश खाड़े कर रहे हैं तथा आरोपी की तलाश जारी है।
इस दुखद घटना से सूनगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।