पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिले –प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट,कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

Spread the love

पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिले –प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट,कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश।

बुरहानपुर,

— जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन सतत निगरानी रखे तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को पूर्णतः रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करे।

 

ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति की समुचित एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं के संचालन, पशुओं के चारे-पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

 

जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रशासन द्वारा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए आभार व्यक्त किया।

 

जानकारी अनुसार ग्रामीण निकायों में वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 15,196 स्वीकृत आवासों में से 7,005 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष आवास निर्माणाधीन हैं। वहीं वर्ष 2025-27 के लिए निर्धारित 8,358 के लक्ष्य के विरुद्ध 3,407 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत 95 प्रतिशत आवास पूर्णता की ओर अग्रसर हैं।

अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री  सिलावट ने महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, जिला अध्यक्ष श्री माने,अन्य जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर  हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक  देवेन्द्र पाटीदार सहित अन्य अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

 

उल्लेखनीय है कि प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट अपने एक दिवसीय प्रवास पर जिले में पधारे थे। इस अवसर पर उन्होंने सांसद  ज्ञानेश्वर पाटिल के पुत्र के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर शुभकामनाएँ भी प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *