जिले से प्रदेश तक बढ़ा कद: मनोज लधवे बने किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री
– होलिका पर्व पर संगठन की बड़ी घोषणा, बुरहानपुर में जश्न का माहौल
बुरहानपुर। होलिका पर्व के मौके पर भाजपा संगठन ने जिले को बड़ी राजनीतिक सौगात दी। किसान कल्याण वर्ष के तहत की गई महत्वपूर्ण नियुक्तियों में पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज लधवे को प्रदेश किसान मोर्चा का महामंत्री मनोनीत किया गया है। घोषणा होते ही जिले में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई और इसे संगठन में जिले की बढ़ती ताकत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे श्री लधवे की संगठनात्मक सक्रियता और जमीनी पकड़ का परिणाम माना जा रहा है।
*युवा मोर्चा से प्रदेश राजनीति तक का सफर*
लधवे का राजनीतिक सफर वर्ष 2010-11 में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद से शुरू हुआ। उनके कार्यकाल को संगठन विस्तार और सामाजिक अभियानों के लिए याद किया जाता है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” के संदेश को जनसेवा से जोड़ते हुए उन्होंने जिले में बड़े स्तर पर रक्तदान अभियान चलाया। युवा मोर्चा कार्यालय के माध्यम से लगभग 30 हजार रक्तदाताओं की सूची तैयार की गई। जरूरतमंदों—विशेषकर प्रसूता महिलाओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। इतना ही नहीं, महाराष्ट्र और प्रदेश के अन्य जिलों तक भी रक्त पहुंचाने की पहल की गई।
**पौधारोपण से संगठन सशक्तिकरण तक*
श्री लधवे के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई पौधारोपण अभियान चलाए गए। संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
जब वे भाजपा जिलाध्यक्ष बने, तब उनके कार्यकाल में संपन्न चुनावों में श्री लधवे ने कुशल रणनीति और माइक्रो मैनेजमेंट के चलते पार्टी को बड़ी जीत मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उन्होंने संगठन में समन्वय और अनुशासन की संस्कृति को मजबूत किया।
*‘अटल कुंज’ की पहल बनी पहचान*
पूर्व प्रधानमंत्री श्रध्देय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को व्यवस्थित रूप से संरक्षित कर मोहन नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय के सामने मध्यप्रदेश का पहला ऐतिहासिक अटल स्मृति स्थल का निर्माण कराया गया। साथ ही भाजपा कार्यालय का नामकरण “अटल कुंज” किया गया। यह कदम कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक जुड़ाव का केंद्र बना।
*संगठन की पैनी नजर और बड़ा संदेश*
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भाजपा संगठन अपने सक्रिय और परिणाम देने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है। श्री लधवे की नियुक्ति इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। शांत स्वभाव, सबको साथ लेकर चलने की क्षमता और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने की शैली ने उन्हें प्रदेश स्तर तक पहचान दिलाई।
*भाजपा नेतृत्व का माना आभार*
कुशल रणनीतिकार मनोज लधवे को अहम जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, संभाग प्रभारी श्री सुरेन्द्र शर्मा, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनीस का आभार व्यक्त किया।
अब प्रदेश किसान मोर्चा में महामंत्री की जिम्मेदारी के साथ उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। किसानों से जुड़े मुद्दों, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीतियों में उनकी सक्रियता पर सबकी नजर रहेगी। बुरहानपुर जिले के लिए यह नियुक्ति सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि प्रदेश राजनीति में बढ़ते प्रभाव का संकेत भी मानी जा रही है।