“बीमारियों पर प्रहार! खकनार में भव्य स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन, मंजू दादू ने किया शुभारंभ”

Spread the love

निशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं पोषण शिविर का भव्य आयोजन, विधायक मंजू दादू ने किया शुभारंभ

– खकनार में ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य का संबल

– खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के विशेष प्रयास से नया सवेरा सामाजिक संस्था नई दिल्ली का आयोजन

बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खकनार में गुरुवार को सामाजिक सरोकार का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, खंडवा लोकसभा सांसद  ज्ञानेश्वर पाटील के विशेष प्रयास पर जब नया सवेरा सामाजिक संस्था, नई दिल्ली द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं पोषण शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मंजू दादू ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात विधायक ने शिविर का अवलोकन करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य जांच काउंटरों का निरीक्षण किया और उपस्थित चिकित्सकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

स्वास्थ्य सेवाओं बढ़ाने का सशक्त माध्यम

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक मंजू दादू ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बदलती जीवनशैली और पोषण की कमी के कारण अनेक बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और अपने परिवार के खान-पान में संतुलित पोषण को प्राथमिकता दें।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा ग्रामीणों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन,जोड़ों के दर्द, पुरानी पीठ दर्द, ऑस्टियोपोरोसिस सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए।

विशेष पोषण परामर्श भी दिया

 

इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पोषण परामर्श सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कुपोषण से बचाव, संतुलित आहार एवं स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी गई। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कई ग्रामीणों ने पहली बार इस तरह की सुविधाएं मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की। शिविर में महिला चिकित्सक डॉ पल्लवी मंडराई,खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुराग सोनी,शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ हेमंत पवासिया, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ लिंकन पाटीदार डॉ मुजफर अंसारी, अविनाश पाटिल,पीयूष पराशर ने अपनी सेवाएं दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को जी, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप जाधव जी,जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल जी , जनपद पंचायत खकनार सदस्य गोकुल पाटील जी जिला महामंत्री संजय जाधव जी, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील जी मंडल अध्यक्ष महेंद्र जोगी जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन  पवन लहासे ने किया तथा आभार नया सवेरा सामाजिक संस्था के  राजीव झा ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *