“63 युवा विधायकों के बीच चमकी मंजू दादू: जनभागीदारी और नवाचार पर दिया जोर!”

Spread the love

भोपाल युवा विधायक सम्मेलन में नेपानगर की दमदार उपस्थिति, मंजू दादू का विकसित भारत पर स्पष्ट विजन

 

तीन राज्यों के 63 युवा विधायकों के बीच रखा प्रभावी पक्ष, नवाचार और जनभागीदारी को बताया लोकतंत्र की ताकत।

 

बुरहानपुर। राजधानी भोपाल में आयोजित दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन में देश के तीन राज्यों के 63 युवा विधायकों की मौजूदगी के बीच नेपानगर विधायक मंजू दादू ने प्रभावी सहभागिता करते हुए अपने विचारों से मजबूत छाप छोड़ी।

 

सम्मेलन में उनके संबोधन को लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका, जनभागीदारी और प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के विजन के संदर्भ में एक स्पष्ट और दूरदर्शी दृष्टिकोण के रूप में देखा गया।

 

 

शासक नहीं बल्कि सुविधा प्रदाता की भूमिका निभानी चाहिए।

 

अपने उद्बोधन में विधायक मंजू दादू ने कहा कि एक युवा विधायक को शासक नहीं बल्कि सुविधा प्रदाता की भूमिका निभानी चाहिए।

 

लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। युवा विधायक पारंपरिक राजनीति और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं।

 

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिया जोर

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति को नई दिशा देने के लिए तकनीक, नवाचार और भविष्य उन्मुख सोच को अपनाना आवश्यक है। जलवायु परिवर्तन, डिजिटल अर्थव्यवस्था और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों को प्राथमिकता में लाना चाहिए। साथ ही टाउन हॉल मीटिंग, युवा संसद और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। युवा नेतृत्व में जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर विकास और एकता की राजनीति को आगे बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी ) के साथ-साथ जीवन की गुणवत्ता को भी नीति का महत्वपूर्ण आधार बताया। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए उन्होंने विधायक इंटर्नशिप, छात्र पंचायत और जमीनी संवाद जैसे नवाचारों को जरूरी बताया।

 

उन्होंने कहा कि नागरिकों को केवल मतदाता नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को सामूहिक राष्ट्रीय अभियान बताते हुए कहा कि इसमें युवा विधायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजिटल गवर्नेंस, कौशल विकास और स्थानीय आवश्यकताओं के समन्वय से ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

 

विधायक के भाषण को सभी ने प्रेरणादायक बताया।

सम्मेलन में विधायक मंजू दादू के प्रभावशाली और तार्किक भाषण को उपस्थित अतिथियों सहित विभिन्न राज्यों से आए युवा विधायकों ने सराहा और इसे प्रेरणादायक बताया।

 

विधायक ने ऐसे महत्वपूर्ण और विचारोत्तेजक सम्मेलन के आयोजन के लिए आयोजकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, मध्यप्रदेश शासन के संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *