निगम आयुक्त एक्शन मोड़ में
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर फील्ड में जाकर निरीक्षण किया
नियम उल्लंघन पर 6 हजार की चालानी कार्रवाई
बुरहानपुर — स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम बुरहानपुर के आयुक्त संदीप श्रीवास्तव द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रातः उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सुबह-सुबह गुलमोहर मार्केट पहुंचे, जहां दुकानों के बाहर अवैध रूप से मांडे (अतिक्रमण) बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया गया। इसके पश्चात मंडी क्षेत्र में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक की जांच की गई तथा उन्हें इसका उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
आयुक्त द्वारा सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में और अधिक सुधार लाएं। जयस्तंभ वार्ड में नागरिकों द्वारा बाहर वाहन खडे करने के कारण कचरा वाहनों के संचालन में आ रही बाधा को देखते हुए संबंधित नागरिकों को समझाइश भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान पान/गुटखा के एक थोक विक्रेता के पास अमानक प्लास्टिक पाए जाने पर 1000 रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं, निगम के ट्रैक्टर में बायोमेडिकल कचरा डाला गया था जांच पडताल में कृष्णा लाइफ केयर अस्पताल की पर्ची एवं बायोमेडिकल कचरा पाए जाने पर आयुक्त के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य निरीक्षक की टीम द्वारा अस्पताल पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आयुक्त श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए शहर में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अवसर पर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव,सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा,सहायक यंत्री गोपाल महाजन,उप स्वास्थ अधिकारी गणेश पाटिल,सेक्टर अधिकारी प्रेमांशु चौकसे,विजय रायसरदार आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।