प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का विधायक एवं कलेक्टर ने किया निरीक्षण।
सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश।
बुरहानपुर जिले में हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों का जायजा लेने के उद्देश्य से विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम चापोरा, खामनी , धामनगांव सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति का सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं त्वरित गति से संपादित किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्र के किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक पात्र किसान को शासन की राहत योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण,ग्रामीणजन, डिप्टी कलेक्टर श्री सृजन श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।