ग्राउंड जीरो पर विकास योजनाओं की समीक्षा, विधायक मंजू दादू ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप समय-सीमा में कार्य करे पूर्ण
– एक पेड़ माँ के नाम अभियान में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
– अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू ने धुलकोट एवं बोरी सेक्टर की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर शासन की मंशा के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित करें। बैठक से पूर्व विधायक ने धुलकोट स्थित नवीन तहसील कार्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा की इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य तैयार करना है।
*लंबित कार्यों पर दिखाई सख्ती*
समीक्षा के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन,मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्य, 15वें एवं 5वें वित्त आयोग की योजनाओं की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। विधायक ने निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजनाओं का लाभ मिले।
*जल संरक्षण और ग्रामीण अधोसंरचना पर विशेष जोर*
विधायक दादु ने कहा कि वीबी जी राम जी के माध्यम से गांवों की आवश्यकता के अनुसार सीसी सड़क, सार्वजनिक उपयोग के निर्माण कार्य एवं जल संरक्षण परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए जल संरक्षण के स्थायी कार्यों को तेजी से स्वीकृत कर धरातल पर उतारा जाए, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी ग्राम पंचायत में मुक्तिधाम निर्माण सहित कोई भी विकास कार्य अपूर्ण नहीं रहना चाहिए। सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं।
*अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी*
बैठक के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यपालन यंत्री तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक समन्वयक की अनुपस्थिति पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि समीक्षा बैठकों में जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। विकास कार्यों में लापरवाही और जवाबदेही से बचने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बुरहानपुर, एपीओ मनरेगा, सहायक यंत्री, उपयंत्री, धुलकोट एवं बोरी सेक्टर के जनपद सदस्य, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।