काम नहीं तो कार्रवाई तय… अब गाँवों में खुद पहुँचकर जवाब लूंगी — विधायक मंजू राजेंद्र दादु।

Spread the love

बुरहानपुर

राजू सिंह राठौड़

9424525101

 

 

काम नहीं तो कार्रवाई तय… अब गाँवों में खुद पहुँचकर जवाब लूंगी — विधायक मंजू राजेंद्र दादु

 

ग्रामीण विकास कार्यों में ढिलाई पर सख्त चेतावनी,अधिकारियों से कहा अब परिणाम जमीन पर दिखने चाहिए।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकास कार्यों के कराए भूमिपूजन।

बुरहानपुर। ग्रामीण विकास कार्यों में सुस्ती और लापरवाही पर नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादु ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अब किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। विकासखंड खकनार के खकनार, तुकईथड़, देड़तलाई एवं परेठा सेक्टर की ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान कई कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

बैठकों से नहीं, धरातल पर दिखे काम

विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार योजनाएं जनता के लिए बनाती है, फाइलों के लिए नहीं। यदि किसी पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ नहीं पहुंचा या विकास कार्यों में अनावश्यक देरी हुई तो संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार होगा। अब केवल बैठकों से काम नहीं चलेगा, परिणाम जमीन पर दिखाई देने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो। लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए शासन को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

बिना सूचना पहुंचेगी निरीक्षण पर

विधायक मंजू राजेंद्र दादु ने कहा कि वे स्वयं बिना पूर्व सूचना के किसी भी ग्राम पंचायत का आकस्मिक निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान यदि अधूरे कार्य, घटिया गुणवत्ता, अनुपस्थित अमला अथवा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही मिली तो मौके पर ही जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ।

समीक्षा के दौरान विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर किश्तों का भुगतान सुनिश्चित करने।

वीबी-ग्रामजी योजना के अंतर्गत पेयजल, सड़क, नाली, भवन मरम्मत एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, पंचायत अमले की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, प्रत्येक गांव में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को अंत्येष्टि सहायता एवं अनुग्रह राशि का समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि गरीबों से जुड़ी योजनाओं में देरी उनके अधिकारों के साथ अन्याय है।

जवाबदेही के साथ करें काम

बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। अब विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों पर सीधी निगरानी रहेगी तथा लापरवाही करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *