“जनप्रतिनिधि–प्रशासन एक मंच पर, अर्चना चिटनिस के विकास संवाद से हर वार्ड को मिलेगी नई पहचान”

Spread the love

सर्वदलीय जनप्रतिनिधियों के साथ विधायक अर्चना चिटनिस एवं महापौर माधुरी पटेल का विकास संवाद, बुरहानपुर के समग्र विकास की बनाई नई कार्ययोजना

बुरहानपुर। बुरहानपुर नगर के समग्र, संतुलित एवं जनकेंद्रित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय सहित सभी दलों के पार्षदों तथा नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वार्डवार विकास समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की। बैठक में नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं, मूलभूत नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर आगामी विकास कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर का विकास सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का साझा संकल्प है। नगरहित सर्वोपरि है और सभी के सहयोग एवं समन्वय से प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा तथा प्रत्येक वार्ड को समान प्राथमिकता मिलेगी।

बैठक में सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक रखा। जलभराव, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, आंगनवाड़ी भवन, बीपीएल कार्ड सत्यापन, कचरा संग्रहण, विद्युत व्यवस्था एवं यातायात जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक श्रीमती चिटनिस ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक समस्या का वार्डवार सर्वेक्षण कर समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जलप्रदाय योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन वार्डों में पर्याप्त प्रेशर से पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां तत्काल तकनीकी सुधार किए जाएं। जिन क्षेत्रों में नल कनेक्शन लंबित हैं, वहां शीघ्र कनेक्शन दिए जाएं तथा जहां पाइपलाइन का कार्य शेष है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण कराया जाए।

स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विधायक श्रीमती चिटनिस ने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सुधार, कचरा वाहनों का निर्धारित समय तय करने, बाजार क्षेत्रों से नियमित कचरा उठाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथ कचरा गाडि़यों की व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने पर बल दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी भवनों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा बीपीएल कार्ड सत्यापन में आ रही कठिनाइयों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में यातायात को अधिक व्यवस्थित बनाया जाए। बीएसएनएल के अनुपयोगी एवं मार्ग में बाधा बन रहे टेलीफोन पोल हटाए जाएं, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदले जाएं तथा बिजली के तारों एवं पोलों को सुव्यवस्थित किया जाए।

बैठक में नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर नगर में लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से कायाकल्प योजना, सड़क मरम्मत योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत अनेक विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा कई महत्वपूर्ण कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि आगामी समय में प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्लॉस्टिक मुक्त बुरहानपुर अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर में दो-दो कपड़े की थैलियां वितरित की जाएंगी। साथ ही अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा।

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) द्वारा आयोजित इस सर्वदलीय विकास संवाद की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकों से सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पार्षदों द्वारा बताए गए अनेक विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं का विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने गंभीरता से निराकरण कराया है। इसके लिए उन्होंने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर विकास करने की यह कार्यशैली बुरहानपुर के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।

बैठक में उपस्थित भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय सहित विभिन्न दलों के पार्षदों ने भी विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सभी दलों के जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर बैठाकर नगरहित के विषयों पर इतने व्यापक स्तर पर संवाद किया जाता है। पार्षदों ने बुरहानपुर में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए विधायक श्रीमती चिटनिस का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि उनकी संवाद आधारित कार्यशैली से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है तथा विकास कार्यों को नई गति मिली है।

बैठक में नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, एसडीएम श्रीमती पल्लवी पौराणिक, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, सभी दलों के पार्षदगण, नगर निगम, महिला एवं बाल विकास, विद्युत मंडल, श्रम विभाग, पुलिस, यातायात, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से बुरहानपुर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आदर्श नगर बनाने का संकल्प हम सब मिलकर पूरा करेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *