स्वस्थ बचपन की मजबूत नींव: घगरला में निकली स्तनपान जागरूकता रैली, माताओं को दिया जीवनभर काम आने वाला संदेश।

Spread the love

स्वस्थ बचपन की मजबूत नींव: घगरला में निकली स्तनपान जागरूकता रैली, माताओं को दिया जीवनभर काम आने वाला संदेश

 

बुरहानपुर ग्राम घगरला

 

विश्व स्तनपान सप्ताह (1 अगस्त से 7 अगस्त) के अवसर पर ग्राम घगरला में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धात्री एवं गर्भवती महिलाओं को शिशु के संपूर्ण विकास में स्तनपान के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में माताओं को बताया गया कि नवजात शिशु को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान अवश्य कराना चाहिए तथा जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध ही शिशु के लिए सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है। इसके साथ ही सभी स्तनपान कराने वाली माताओं को बच्चों को नियमित एवं सतत स्तनपान कराने की सलाह दी गई।

 

गर्भवती महिलाओं को भी आने वाले शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए जन्म के बाद छह माह तक केवल स्तनपान कराने का संदेश दिया गया। वहीं छह माह से अधिक आयु के बच्चों के लिए पूरक पोषक आहार की शुरुआत, संतुलित खान-पान तथा माताओं के स्वयं के पौष्टिक आहार के महत्व पर भी विस्तार से समझाइश दी गई।

 

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंदाबाई, रीता राठौड़, सहायिका स्वाति काजले, आशा कार्यकर्ता दुर्गा धांडे सहित बड़ी संख्या में महिला हितग्राहियों ने भाग लिया। सभी ने स्वस्थ एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए स्तनपान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *