विधायक मंजू दादू के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयघोष
नावरा-धुलकोट में देशभक्ति के रंग में रंगा नेपानगर विधानसभा क्षेत्र, बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी हुए शामिल।
बुरहानपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नेपानगर विधानसभा क्षेत्र मंगलवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विधायक मंजू राजेंद्र दादू के नेतृत्व में नावरा एवं धुलकोट मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले ग्रामीणों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूरे मार्ग पर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। नावरा मंडल में तिरंगा यात्रा मेन बाजार से प्रारंभ होकर संदीपनी विद्यालय तक पहुंची, वहीं धुलकोट मंडल में यात्रा दरबार भवन से प्रारंभ होकर टंट्या मामा चौराहा तक निकाली गई। दोनों स्थानों पर यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सहभागिता ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे
यात्रा में सभी हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। विधायक मंजू दादू ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान में निकलने वाली तिरंगा यात्रा प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को और मजबूत करती है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देश के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश मिलता है।
राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ लिया एकता का संकल्प
विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति श्रद्धा और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है। नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों ने तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत किया।यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता,अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।