
बुरहानपुर जिले की शाहपुर नगर पंचायत ने अपने गठन के चार वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन चार वर्षों में नगर के विकास को नई गति और कई नए आयाम मिलने का दावा नगर पंचायत द्वारा किया गया है। शहर की सड़कों के सौंदर्यीकरण, डिवाइडर, रंग-बिरंगी रोशनी, ऊंचे राष्ट्रध्वज और खेल सुविधाओं के साथ शाहपुर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की पहल इसकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। नगर पंचायत अध्यक्ष साधना वीरेंद्र तिवारी और विधायक अर्चना चिटनिस ने पत्रकार वार्ता में चार साल के विकास कार्यों की जानकारी दी।
शाहपुर नगर पंचायत के चार वर्ष पूरे होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष साधना वीरेंद्र तिवारी, विधायक अर्चना चिटनिस और पार्षदों की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान नगर के विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
विधायक अर्चना चिटनिस ने बताया कि शाहपुर में प्रवेश करते ही शहर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए आकर्षक डिवाइडर, रात्रि में रंग-बिरंगी रोशनी और ऊंचा राष्ट्रध्वज लगाया गया है। नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की पहल को भी प्रमुख उपलब्धि बताया गया,शाहपुर में करीब चार हजार परिवार निवासरत हैं। इनमें लगभग दो हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। योजना के तहत शाहपुर के लिए करीब 47 करोड़ रुपए की राशि आवंटित होने की बात कही गई।
वहीं, खिलाड़ियों की मांग को देखते हुए करीब 16 एकड़ जमीन पर सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण भी जारी है। नगर में करोड़ों रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष साधना वीरेंद्र तिवारी ने विकास कार्यों का श्रेय शाहपुर की जनता, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के सभी पार्षदों को दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी शाहपुर के विकास को नई दिशा देने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
चार साल के कार्यकाल में शाहपुर को विकास और सौंदर्यीकरण के साथ पॉलीथिन मुक्त नगर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाने का दावा किया गया है। अब आने वाले समय में इन विकास कार्यों को कितनी गति मिलती है, यह देखने वाली बात होगी।