बच्चे बनेंगे स्वच्छ बुरहानपुर के ब्रांड एम्बेसडर, 47 स्कूलों के विद्यार्थी घर-घर पहुंचाएंगे प्लास्टिक मुक्त अभियान का संदेश – अर्चना चिटनिस

Spread the love

बच्चे बनेंगे स्वच्छ बुरहानपुर के ब्रांड एम्बेसडर, घर-घर पहुंचाएंगे सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान का संदेश-अर्चना चिटनिस।

बुरहानपुर। “बच्चे केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत हैं।” इसी विश्वास के साथ विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने शासकीय उर्दू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैराती बाजार में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

 

‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छ बुरहानपुर अभियान-180, नगरीय’ के तहत आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश अपने घरों से लेकर पूरे समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

 

 

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि स्वच्छ बुरहानपुर का निर्माण केवल सफाई करने से नहीं, बल्कि नागरिकों की आदतों में बदलाव लाने से होगा। जिस घर का प्रत्येक सदस्य स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानता है, वही घर स्वच्छ रहता है।

 

 

इसी तरह जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लेगा, तभी हमारा शहर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनेगा। स्वच्छता किसी एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह हमारे जीवन का सहज हिस्सा बननी चाहिए।

 

 

विद्यार्थी बनेंगे बदलाव की कड़ी, पांच-पांच घरों तक पहुंचाएंगे संदेश

श्रीमती चिटनिस ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बुरहानपुर के 47 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक विद्यार्थी अपने आसपास के पांच घरों तक पहुंचकर परिवारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा और इसके उपयोग को बंद करने अथवा न्यूनतम करने के लिए प्रेरित करेगा।

 

परिवारों से संकल्प पत्र भरवाकर उनके घरों पर ‘मेरा घरकृसिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त’ का स्टीकर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में जागरूक हुआ बच्चा जब अपने घर में बदलाव की शुरुआत करेगा, तो उसका प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ेगा। परिवार से मोहल्ले और मोहल्ले से समाज तक पहुंचने वाला यही संदेश एक व्यापक जन-जागरूकता का आधार बनेगा। बच्चों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता का संकल्प केवल कागज पर नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में दिखाई देगा।

प्लास्टिक छोड़ें, कपड़े की थैली अपनाएंय घर से शुरू करें कचरा प्रबंधन।

 

कार्यशाला में विद्यार्थियों को गीले, सूखे, खतरनाक एवं सेनेटरी पैड संबंधी कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता समझाई गई। उन्हें बताया गया कि कचरे का सही प्रबंधन घर से शुरू होता है। प्लास्टिक की थैलियों तथा एकल उपयोग वाली प्लास्टिक वस्तुओं से बचना और उनके स्थान पर कपड़े की थैली सहित पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाना जरूरी है।

 

श्रीमती चिटनिस ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और अपने माता-पिता, परिजनों, मित्रों तथा पड़ोसियों को भी इसके बहिष्कार के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार का छोटा-सा संकल्प मिलकर बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकता है।

 

 

एक वर्ष का संकल्प, स्वच्छता को बनाएंगे जीवनशैली

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि ‘स्वच्छ बुरहानपुर अभियान’ केवल कुछ दिनों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षभर चलने वाला सतत जन-अभियान है। आगामी 2 अक्टूबर 2027 को यह देखने का अवसर होगा कि बुरहानपुरवासियों ने एक वर्ष पूर्व लिए गए संकल्प को कितनी प्रतिबद्धता के साथ व्यवहार में उतारा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में बुरहानपुर में भी नागरिकों, विद्यार्थियों और परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में स्वयं उदाहरण बनें और अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें। हर घर में स्वच्छता की आदत, हर परिवार का प्लास्टिक मुक्त बनने का संकल्प और हर नागरिक की सहभागिता ही स्वच्छ, सुंदर बुरहानपुर की मजबूत नींव बनेगी।

इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी सुश्री रोहनी पवार, मत्स्य विभाग के सहायक अभिषेक सोनी, वरिष्ठ नेता शाकिर साहब, डॉ.मनोज अग्रवाल, पार्षद आशीष शुक्ला, मोहम्मद जफर, जावेद खान, सैयद सलीम, असलम साहब, पूर्व पार्षद अजीज खां, एजाज अहमद, प्राचार्य मोहम्मद अनीस अनीस, श्रीमती तिलत राना, शकिल अहमद अंसारी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *