बुरहानपुर में स्थान-स्थान पर विराजित माता रानी के दर्शन कर अर्चना चिटनिस ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद, महिलाओं संग गरबा-डांडिया में लिया हिस्सा
बुरहानपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर में स्थान-स्थान पर विराजित माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने माता रानी से बुरहानपुर सहित प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण, सुख-शांति और आरोग्यता की कामना की। इस दौरान श्रीमती चिटनिस विभिन्न स्थानों पर आयोजित गरबा एवं डांडिया उत्सव में शामिल हुईं और महिलाओं के साथ गरबा-डांडिया कर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की। उनके साथ गरबा-डांडिया में शामिल होकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं बच्चों में भी नवरात्रि को लेकर विशेष उमंग रही।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि माता रानी के दर्शन से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। मां की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे तथा हर घर में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली का वास हो, यही प्रार्थना है। नवरात्रि शक्ति की आराधना के साथ सेवा, सद्भाव और समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का भी अवसर है।
*महिलाओं संग गरबा-डांडिया कर उत्सव में की सहभागिता*
नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा एवं डांडिया उत्सव में श्रीमती अर्चना चिटनिस महिलाओं के साथ शामिल हुईं। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की मधुर धुनों पर गरबा-डांडिया कर नवरात्रि के उल्लास को अभिव्यक्त किया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। गरबा-डांडिया उत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ते हुए सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।
*प्रकृति की साधना ही माता की सार्थक पूजा-अर्चना*
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए नवरात्रि के पावन पर्व पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता रानी की आराधना के साथ प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण करना भी हमारी जिम्मेदारी है। धार्मिक आयोजनों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोककर हम अपने नगर, परिवार और आने वाली पीढि़यों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार कर सकते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सभी आयोजन समितियां अपने परिसर में प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं तथा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। आने वाले वर्षों में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे धार्मिक आयोजन सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त हों। प्लास्टिक की थैलियों, डिस्पोजेबल गिलास, प्लेट और अन्य एकल-उपयोग वाली प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाए जाएं।
*स्वच्छता को स्वभाव बनाएं, कपड़े की थैली अपनाएं*
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर हमें अपने स्वभाव और जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। माताएं-बहनें जब भी खरीदारी के लिए घर से निकलें, अपने साथ कपड़े की थैली अवश्य लेकर जाएं, ताकि प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग से बचा जा सके। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर को स्वच्छ, सुंदर और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नागरिकों, धार्मिक आयोजन समितियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर सार्थक प्रयास करने होंगे। नवरात्रि में माता रानी की आराधना के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेकर हम समाज में सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता को और मजबूत कर सकते हैं।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पार्षद संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, श्रीमती स्वाती हेमेंद्र महाजन, रुद्रेश्वर एंडोले, किशोर राठौर, भरत रावल, मयूर तिवारी, मुकेश दुम्बवानी, भागीरथ प्रजापति, बंटी मार्शल, कुणाल रावाये सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।