नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के इतिहास से जोड़ना जरूरी : संदीप ठाकर
नेपा लिमिटेड में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत कार्यक्रम, बिरसा मुंडा पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई
जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत नेपा लिमिटेड के प्रशासनिक कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 1 से 15 नवंबर 2026 तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा था कि जो लोग अपना इतिहास भूल जाते हैं, वे इतिहास नहीं बना सकते।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने की पहल इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का अभिनव प्रयास है।
इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम, उसके नायकों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना तथा देश की नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना है।
ठाकरे ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ मध्यप्रदेश के जनजातीय नायकों टंट्या मामा भील, भीमा नायक, खाज्या नायक, रघुनाथ सिंह मंडलोई, वीरांगना रानी दुर्गावती और रानी फूलकुंवर के ऐतिहासिक योगदान का भी स्मरण किया।
भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर बोलते हुए सीएमडी सचिवालय में कार्यरत लक्ष्मी सेन ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक जागरण और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध चलाए गए उलगुलान आंदोलन की जानकारी दी। कार्मिक एवं प्रशासन विभाग की प्रशिक्षु अंकिता पाटिल ने जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता बताई।
उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा द्वारा किए गए संघर्ष पर भी प्रकाश डाला। आईटी विभाग के पवन पवार ने डिजिटल माध्यमों से जनजातीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने पर विचार रखे। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित वीडियो डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार, उप प्रबंधक वित्त विकास रेड्डी, उप प्रबंधक सतर्कता विजेन्द्र चौधरी, देवेंद्र कुमार पाण्डेय, दीपक सिंह ठाकुर, सुरेश रघुवंशी, गोविंदा महाजन, संतोष दुबे, सपना दुबे, वर्षा पाटिल, शिवनंदन उमाले, मीना श्रीवास्तव, पंकज गुर्जर सहित कई अफसर कर्मी उपस्थित रहें।