मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त से प्रारंभ
हर शुक्रवार होगा क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद और शिकायतों के समाधान पर विशेष फोकस।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी7 अगस्त को जिले की ग्राम पंचायत जम्बूपानी में क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद
बुरहानपुर, – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी की उपस्थिति में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कहा कि जन-विश्वास, जनकल्याण की आधारशिला है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में प्रत्येक शुक्रवार को अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित नहीं की जाएंगी तथा पूरा दिन क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद के लिए समर्पित रहेगा।
बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारी निर्धारित क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण से पूर्व संबंधित क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन, जन-सुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर अधिकतम शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के दौरान आम नागरिकों के साथ जनसंवाद एवं उद्यमियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध अधोसंरचना का ही उपयोग करने तथा अनावश्यक साज-सज्जा एवं अतिरिक्त व्यय से बचने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता एवं सादगी होंगे। अभियान अंतर्गत 7 अगस्त को जिले की ग्राम पंचायत जम्बूपानी को क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद के लिए चिन्हित किया गया है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर शासन की योजनाओं का मैदानी स्तर पर निरीक्षण करेंगे तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे। आयोजित बैठक में राजस्व अधिकारी सहित समस्त विभाग के अधिकारीगण और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।