बुरहानपुर में डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापा, 48 खाद्य नमूनों की ऑन-द-स्पॉट जांच

Spread the love

खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई

चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 48 दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मौके पर जांच

बुरहानपुर,  शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन जांच अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न दूध एवं डेयरी प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर 48 दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूनों की मौके पर ही जांच की गई।

जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की आशंका पाई गई, वहां से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के प्रावधानों के तहत वैधानिक (लीगल) नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान निम्न प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए-

धनंजय मिल्क प्रोडक्ट, बुरहानपुर से घी, पनीर एवं मावा।

वंदन दूध डेयरी, इंदिरा कॉलोनी से घी एवं दूध।

अन्नपूर्णा एंटरप्राइजेज से घी।

अविनाश डिस्ट्रीब्यूटर, इंदिरा कॉलोनी, बुरहानपुर से दूध एवं दही।

गुरुकृपा डेयरी से घी।

मारुति केरला चिप्स से सोयाबीन तेल एवं चिप्स के नमूने।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं मानक स्तर के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *