विश्व मानव दुर्व्यापार निरोधी दिवस पर बुरहानपुर पुलिस का जागरूकता अभियान, मानव तस्करी रोकने का दिया संदेश

Spread the love

विश्व मानव दुर्व्यापार निरोधी दिवस पर बुरहानपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

 

मानव तस्करी की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिला अस्पताल एवं लोक सेवा केन्द्र पर आमजन को किया गया जागरूक

 

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल की महिला सुरक्षा शाखा के निर्देशानुसार 30 जुलाई “विश्व मानव दुर्व्यापार निरोधी दिवस” के अवसर पर बुरहानपुर जिले में 31 जुलाई से 07 अगस्त तक मानव तस्करी की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम द्वारा जिला अस्पताल के सामने एवं लोक सेवा केन्द्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को मानव दुर्व्यापार (मानव तस्करी) के प्रति जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान महिला थाना पुलिस द्वारा उपस्थित नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों को बताया गया कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है, जिसमें महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्ग के लोगों को झूठे प्रलोभन, नौकरी, विवाह, बेहतर जीवन, शिक्षा अथवा अन्य बहानों से फंसाकर उनका शोषण किया जाता है। ऐसे मामलों में सतर्कता, समय पर सूचना देना एवं जागरूकता ही सबसे प्रभावी बचाव है।

 

पुलिस टीम ने लोगों को मानव तस्करी के संकेतों की पहचान करने, अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को मानव तस्करी या जबरन श्रम, बाल श्रम, देह व्यापार अथवा अन्य प्रकार के शोषण की जानकारी मिले तो वह तुरंत निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना देकर पीड़ित की सहायता कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान मानव तस्करी से संबंधित जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित लोगों को इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।

 

बुरहानपुर पुलिस का संदेश: मानव तस्करी एक जघन्य एवं संगठित अपराध है। इसके विरुद्ध समाज, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त भागीदारी से ही प्रभावी रोकथाम संभव है। प्रत्येक नागरिक की सतर्कता किसी पीड़ित का जीवन बचा सकती है। बुरहानपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा मानव तस्करी मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *