तिरंगे की लहर से नेपानगर विधानसभा में दिखा राष्ट्रभक्ति का विराट स्वरूप, विधायक मंजू दादू के नेतृत्व में जिले की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा
खकनार, दर्यापुर और डोईफोड़िया में उमड़ा जनसैलाब
मां भारती-टंट्या मामा की झांकी और मानव श्रृंखला बनी आकर्षण का केंद्र
बुरहानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नेपानगर विधायक मंजू दादू के नेतृत्व में जिले की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई।
विधानसभा के तीनों मंडलों खकनार, दर्यापुर और डोईफोड़िया में निकली भव्य तिरंगा यात्राओं में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के जयघोष के साथ पूरा विधानसभा क्षेत्र तिरंगामय नजर आया।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया संदेश
यात्राओं का प्रमुख आकर्षण मां भारती एवं जननायक टंट्या मामा की घोड़े पर सवार भव्य झांकी रही। महिला-पुरुषों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कई स्थानों पर मानव श्रृंखला बनाकर हर घर तिरंगा का संदेश दिया गया और आमजन को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। भारत माता की जय,वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा के नारों से यात्रा मार्ग गूंजते रहे।
खकनार मंडल में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, खकनार से तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से होते हुए पुलिस थाना खकनार तक पहुंची। विद्यालय से निकली यात्रा में लगातार लोगों का जुड़ाव बढ़ता गया और पूरा मार्ग तिरंगों से पट गया।
तीनों मंडलों में दिखी तिरंगे की एकजुट लहर
दर्यापुर मंडल में लक्ष्मी माता मंदिर से तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए माध्यमिक विद्यालय तक पहुंची। वहीं डोईफोड़िया मंडल के ग्राम सिरपुर में शिव मंदिर से राम मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।
एक ही दिन विधानसभा के तीनों मंडलों में निकली इन यात्राओं ने खकनार से दर्यापुर और सिरपुर तक राष्ट्रभक्ति की एक बड़ी तस्वीर प्रस्तुत की। तिरंगे से सजे मार्ग, देशभक्ति के नारों और बड़ी संख्या में उमड़े लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। तीनों यात्राओं के माध्यम से एकता, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत किया गया।विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है।
हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक भारतीय के भीतर राष्ट्रभक्ति, एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनोज लधवे, भाजपा वरिष्ठ नेता प्रदीप जाधव, भाजपा जिला महामंत्री संजय जाधव, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष निलेश चौकसे एवं महेंद्र जोगी, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील, पोपट पवार, प्रशांत ढाके, प्रमोद पाटील, बंटी यादव, प्रवीण पाटील, भागवत महाजन, संजय गौतम, सुभाष झोपे, महेंद्र निराले, पंकज महाजन, डोईफोड़िया मंडल अध्यक्ष संदीप परिहार, भाजपा जिला मंत्री अर्चना योगेश पाटील एवं सुनील वाघे, दर्यापुर मंडल अध्यक्ष गणेश पाटील, मनोज राठौड़, दिलीप श्राफ, मनोज टंडन, ईश्वर चौहान, मौजीलाल चौहान, जोहरसिंग पवार, सुभान सिंह चौहान, शालिक पाटील, दिनेश पाटील, शुभम चौकसे एवं विजय पाटील सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।