थाना शिकारपुरा क्षेत्र में एक महिला व्दारा बेहद ही मानवीयता की मिसाल पेश की जिसका पुलिस ने व आम जनता ने किया सम्मान।
महिला ने ईमानदारी से लौटाए ₹50,000 एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज।
थाना शिकारपुरा क्षेत्र में एक महिला ने ईमानदारी एवं मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिली ₹50,000 की नगद राशि एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज पुलिस के सुपुर्द किए।
आशा बाई पति फकीरा वानखेडे निवासी संजय नगर सुबह अपने नाती-पोतों को स्कूल छोड़कर वापस अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें रास्ते में पीले रंग की एक थैली पड़ी हुई दिखाई दी।
आशा बाई ने थैली को उठाकर घर ले जाकर देखा तो उसमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित ₹50,000 नगद रखे हुए थे।
महिला ने अपने पुत्र के साथ थाना शिकारपुरा पहुंचकर पूरी थैली एवं उसमें रखी नगद राशि तथा दस्तावेज पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
इसी दौरान पुलिस के पास उक्त सामान के संबंध में फरियादी राजेश पिता किशनलाल जायसवाल, निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी द्वारा पूर्व से सूचना दी गई थी। पुलिस द्वारा फरियादी राजेश जायसवाल को थानाशिकारपुरा बुलाकर आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की कार्रवाई की गई।
सत्यापन उपरांत पुलिस द्वारा फरियादी को उसके ₹50,000 नगद एवं सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित वापस किए गए।अपनी खोई हुई राशि एवं दस्तावेज वापस मिलने पर फरियादी ने आशा बाई एवं उनके पुत्र का आभार व्यक्त किया। आशा बाई द्वारा दिखाई गई ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी आमजन के लिए प्रेरणादायक है।
बुरहानपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी का सामान मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय संबंधित व्यक्ति अथवा नजदीकी पुलिस थाना/चौकी में जमा कराएं।