सेवा सेतु शिविर में अर्चना चिटनिस ने सुनीं जनसमस्याएं, हितग्राहियों को दिलाया योजनाओं का लाभ
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा नगरीय क्षेत्र के नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों के लिए ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर में पहुंचकर नागरिकों एवं हितग्राहियों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली तथा नागरिकों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज रूप से पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का उनके निकट ही समाधान सुनिश्चित करना है। अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को सुविधा मिली और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविर इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विभागवार स्टॉल लगाए गए। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
पेंशन, संबल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी एवं आधार कार्ड अपडेशन के विशेष कैंप लगाए गए। राजस्व, राशन सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों एवं हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक जांच की गई।
आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। श्रीमती चिटनिस ने स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली तथा नागरिकों से संवाद किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग किया जाए और किसी भी व्यक्ति को जानकारी अथवा प्रक्रिया की कठिनाई के कारण लाभ से वंचित न रहना पड़े।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने क्षेत्र की महिलाओं से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की गतिविधियों से जुड़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। शासन की योजनाओं और उपलब्ध अवसरों का लाभ लेकर महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सेवा सेतु जैसे शिविरों के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रक्रिया को और सरल बनाया जा रहा है।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने शिविर में प्राप्त आवेदनों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर आज ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निराकृत किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में भी आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर हितग्राही को लाभ दिलाया जाए।
कार्यक्रम में कलेक्टर हर्ष सिंह, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडेय, चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, मनोज टंडन, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, मनोज फुलवाणी, अशोक महाजन, भरत भुजड़े, भरत इंगले, विपुल कानूनगो, सुनिल वाघे, अमित वारूड़े एवं ओम चौकसे सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।