जल, जंगल और जमीन के नायक बिरसा मुंडा को नमन! जनजातीय गौरव दिवस पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील मांदल की थाप पर थिरके, दिया एकता और विकास का संदेश।

Spread the love

भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से जनजातीय समाज के विकास का संकल्प लें-सांसद ज्ञानेश्वर पाटील

– जनजातीय गौरव दिवस पर ग्राम बोरी बुजुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद

– भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा में हुए शामिल, ढोल बजाकर जनजातीय नृत्य पर थिरके

बुरहानपुर। भगवान बिरसा मुंडा जी ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका अदम्य साहस, स्वाभिमान और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हमें जनजातीय समाज के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास का संकल्प लेना चाहिए। यह बात खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रविवार को ग्राम बोरी बुजुर्ग, धूलकोट क्षेत्र में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही।कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद,समाजजन व जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात वे भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस दौरान सांसद ने ढोल बजाकर जनजातीय समाज के उत्साह में सहभागिता की और पारंपरिक जनजातीय नृत्य पर थिरकते हुए समाजजनों का उत्साह बढ़ाया।

*हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है*

सांसद श्री पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महान नायकों को राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों को आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत देश के 63,843 गांवों के विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 79,156 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। मध्यप्रदेश में धरती आबा अभियान के तहत जनवरी 2026 तक 67.98 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके थे। प्रधानमंत्री जनमन के अंतर्गत प्रदेश में 83 वन धन विकास केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति और कौशल विकास योजनाओं से जनजातीय युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वन धन योजना के माध्यम से महुआ, शहद सहित लघु वनोपज के मूल्य संवर्धन से जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

*जनजातीय अंचलों का विकास प्राथमिकता*

सांसद श्री पाटील ने कहा कि बुरहानपुर और नेपानगर का जनजातीय समाज जिले की सांस्कृतिक पहचान और समृद्ध परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। धूलकोट सहित पूरे जनजातीय अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, पेयजल और रोजगार की सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर वनवासी कल्याण परिषद विभाग संगठन मंत्री जुवान सिंग जी, कार्यक्रम के जिला संयोजक सुभान सिंह,पूज्य चैतन्य महाराज,तुकाराम महाराज,मनोज ढांगोंदे,दीपक सोलंकी, मनोज टंडन, मंडल अध्यक्ष राजेश चारण, अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाघला सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के गणमान्यजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *