जनसुनवाई में पहुंचे 88 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

Spread the love

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 88 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय पर पहुंचने एवं प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करने के दिए निर्देश।

 

बुरहानपुर- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रति मंगलवार जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री विवेक कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न हुई। जनसुनवाई में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान करीबन 88 आवेदन प्राप्त हुए।

 

जनसुनवाई में लालबाग क्षेत्र से पहुंचे आवेदक श्री प्रकाश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जांच एवं परीक्षण कराने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सिंधीबस्ती से पहुंचे बुजुर्ग आवेदक की समस्या सुनते हुए उनके उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए तथा संबंधित विभाग को समस्या के निराकरण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

जनसुनवाई में रास्ता विवाद, कब्जा, अतिक्रमण, आवास, राशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री कुमार ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर आवेदनों के उचित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

 

इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारियों को भी कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर मौके पर जांच करने, नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसी श्रृंखला में जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में सभी अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। कार्यों में लापरवाही एवं लेटलतीफी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।

 

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित महिला एवं बाल विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, विद्युत, पंचायत, कृषि, उद्यानिकी, एवं श्रम सहित अन्य विभागों के जिलाधिकारीगण मौजूद रहे। वहीं अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *