“नेपा के पुनर्जीवन की गूंज दिल्ली तक! करोड़ों की मदद पर तेजी, हजारों परिवारों को राहत की उम्मीद”

Spread the love

नेपा के पुनरोत्थान को केंद्र का संबल: ₹33.54 करोड़ सहायता प्रस्ताव पर तेजी, दिल्ली में तेज पैरवी से जगी उम्मीद

एशिया के प्रमुख न्यूजप्रिंट उत्पादक संस्थान, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय की पेपर मिल नेपा लिमिटेड के पुनरोत्थान को लेकर केंद्र स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल की सक्रिय पहल के चलते लंबे समय से लंबित मुद्दों पर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।

 

 

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के नेतृत्व में नेपा ऑफिसर्स स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र केशरी, सचिव संजय पवार और संयुक्त सचिव देवेंद्र महोबे ने प्रतिनिधिमंडल के रूप में केंद्रीय स्तर पर कर्मचारियों के हितों और संस्थान के भविष्य को लेकर प्रभावी पैरवी की।

 

इस दौरान केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री से भेंट कर कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान हेतु ₹33.54 करोड़ की स्वीकृत राशि जारी करने का आग्रह किया गया और इस संबंध में पत्र भी सौंपा गया।

 

 

दिल्ली प्रवास के दौरान नेपा मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सोनी, प्रधान सचिव अरुण फरकले, सचिव गणेश दीक्षित और सह सचिव अनीस मंसूरी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे।

जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि हाल ही में सीएमडी नरेश सिंह के नेतृत्व में भारी उद्योग मंत्रालय के समक्ष नवीनीकृत संयंत्रों का सफल ट्रायल रन प्रस्तुत किया गया। इससे संस्थान की तकनीकी क्षमता और संचालन व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

 

 

नेपानगर स्थित यह इकाई करीब 140 गांवों की अर्थव्यवस्था से जुड़ी है और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार बनी हुई है। हाल के समय में बेहतर गुणवत्ता के कागज उत्पादन के साथ संस्थान ने अपनी उपयोगिता को भी पुनः स्थापित किया है।

इसी क्रम में आरपीआई के प्रदेश सचिव रविंद्र इंगले के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने भी केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की दिशा में पत्र प्रेषित किया।

गौरतलब हैं कि मेक इन इंडिया और एक जिला एक उत्पाद जैसे अभियानों के तहत नेपा लिमिटेड जैसे स्वदेशी उद्योगों को सशक्त करना औद्योगिक आत्मनिर्भरता और क्षेत्रीय विकास के लिए अहम माना जा रहा है। लगातार हो रहे समन्वित प्रयासों ने नेपा परिवार में नई उम्मीद जगा दी है।

और इधर पुणे में: सामाजिक पहल से विषय को मिला बल

नेपा लिमिटेड के मुद्दे को लेकर पुणे में भी सक्रिय पहल सामने आई। बुरहानपुर मूल की सामाजिक कार्यकर्ता प्रगति ताई चापोरकर शिरपुरकर ने पति विवेक शिरपुरकर, जो पुणे के प्रतिष्ठित आर्किटेक्ट हैं, के साथ रेजिडेंसी क्लब में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले से सौजन्य भेंट की।

 

 

इस दौरान उन्होंने दिल्ली में दो दिन पूर्व नेपा लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों, लंबित वेतन भुगतान की मांग और मंत्री स्तर पर हुए पत्राचार का उल्लेख करते हुए मामले के शीघ्र और सकारात्मक निराकरण का आग्रह किया हैं।

संदीप ठाकरे

जन संपर्क अधिकारी

नेपा लिमिटेड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *