सांसद कार्यालय पर गूंजा गोगा देव जी का जयघोष, वाल्मीकि समाज की छड़ी-धर्मध्वज का हुआ पूजन
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक मंजू दादू,महापौर श्रीमती माधुरी पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना।
भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील के महत्वपूर्ण योगदान से श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ आयोजन।
बुरहानपुर। गोगा नवमी के अवसर पर सोमवार को सांसद कार्यालय परिसर में आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। वाल्मीकि समाजजन पारंपरिक रूप से सजाई गई छड़ियां एवं धर्मध्वज लेकर सांसद कार्यालय पहुंचे।
यहां खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से छड़ी-धर्मध्वज का पूजन किया।
श्री गोगादेव जी महाराज के जयकारों और भजनों से पूरा परिसर गूंज उठा। छड़ियों के सांसद कार्यालय पहुंचते ही समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना की।
युवाओं ने छड़ियां उठाकर वर्षों पुरानी परंपरा और अपनी आस्था के प्रति समर्पण का परिचय दिया।इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री जाहरवीर गोगादेव जी महाराज के जयकारे लगाए और भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार हुआ आयोजन, समाज ने जताया आभार।
सांसद कार्यालय पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी धार्मिक आयोजन किया गया। आयोजन में भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वाल्मीकि समाजजनों ने धार्मिक आयोजन के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील एवं गजेंद्र पाटील का आभार व्यक्त किया। वहीं समाज की ओर से नेपानगर विधायक मंजू दादू एवं महापौर माधुरी अतुल पटेल का स्वागत कर सम्मान किया गया।
उस्तादों एवं भगत जी का शॉल-श्रीफल से सम्मान
आयोजन के दौरान छड़ी-धर्मध्वज लेकर पहुंचे उस्तादों एवं भगत जी का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने समाज की धार्मिक परंपराओं और आस्था के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उल्लेखनीय हैं कि गोगा नवमी वाल्मीकि समाज के लिए आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है।
छड़ी-धर्मध्वज की स्थापना के बाद समाजजन सवा महीने तक श्रद्धापूर्वक इनका पूजन करते हैं। इस दौरान भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। समाज के लिए यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का भी संदेश देता है।
शौर्य, सेवा और समरसता के प्रतीक हैं गोगादेव जी
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि वीर गोगादेव जी महाराज शौर्य, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को एकजुटता, सेवा और साहस का संदेश देता है।
उनकी वीरता और पराक्रम की गाथाएं आज भी समाज में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करती हैं। विधायक मंजू दादू ने कहा कि गोगादेव जी महाराज की आराधना हमारी समृद्ध लोक परंपरा और आस्था से जुड़ी हुई है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर फेडरेशन अध्यक्ष जयंती नवलखे, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, उपाध्यक्ष गजानन महाजन, पूर्व महापौर अनिल भोसले, प्रदेश महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा मनोज लधवे, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, मनोज तारवाला,श्रीमती उमा कपूर,पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कालू जंगाले, रवि सिगोटिया, राजा जंगाले सहित समाज के गणमान्यजन, उस्ताद, युवा एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।