नेपा की सतर्कता कमान अब रोहित कुमार मिश्रा के हाथ।
कोलकाता से पहुंचे 2009 बैच के भारतीय आयुध निर्माणी सेवा अधिकारी ने संभाला मुख्य सतर्कता अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार।
भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम नेपा लिमिटेड में रोहित कुमार मिश्रा ने मुख्य सतर्कता अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है। ब्रिज एंड रूफ कंपनी इंडिया लिमिटेड कोलकाता में कार्यरत श्री मिश्रा के नेपा पहुंचने पर प्रशासनिक भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरेश सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सीएमडी नरेश सिंह ने कहा कि श्री मिश्रा के व्यापक अनुभव का लाभ नेपा लिमिटेड को मिलेगा। उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में कंपनी में पारदर्शिता, जवाबदेही और सतर्कता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
निदेशक वित्त पीजेएम डिक्सन ने कहा कि सतर्कता व्यवस्था किसी भी सार्वजनिक उपक्रम में पारदर्शी और जवाबदेह कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि श्री मिश्रा के अनुभव से नेपा लिमिटेड की सतर्कता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
मुख्य सतर्कता अधिकारी का प्रभार संभालने के बाद रोहित कुमार मिश्रा ने नेपा परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदार कार्यसंस्कृति किसी भी संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक हैं। सतर्कता का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की रोकथाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर व्यवस्था, पारदर्शिता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने की बात कही।
ज्वाइनिंग तथा हैंडओवर टेकओवर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद श्री मिश्रा ने नेपा लिमिटेड के उत्पादन संयंत्र का मुआयना किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए प्लांट की गतिविधियों को समझा।
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि रोहित कुमार मिश्रा वर्ष 2009 बैच के भारतीय आयुध निर्माणी सेवा के अधिकारी हैं। वर्तमान में उनके पास भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम ब्रिज एंड रूफ कंपनी इंडिया लिमिटेड कोलकाता के साथ एंड्रयू यूल एंड कंपनी लिमिटेड कोलकाता तथा द ब्रेथवेट बर्न एंड जैसप कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड कोलकाता की जिम्मेदारियां भी हैं। अब नेपा लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी उनके पास रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक औद्योगिक संरक्षा प्रशांत सोनी ने किया। आभार उप प्रबंधक सतर्कता विजेन्द्र चौधरी ने माना।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार, प्रबंधक आईटी संजीव कानडे, उप प्रबंधक वाणिज्य एवं संपदा सीएन वर्मा, मुख्य वित्तीय अधिकारी विकास रेड्डी, ऑफिसर्स स्टाफ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवीदास लोखंडे, नेपा मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सोनी, कंपनी सचिव धनंजय शर्मा, राजेंद्र चौधरी, शिरीष येलवनकर, अनिल कुमार अहीरे, दीपक ठाकुर, आशुतोष मिश्रा, मुकेश चौहान, निलेश पाटिल, सुनील कुमार रांव, मोहम्मद इलियास सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।