22 से 24 अक्टूबर तक सतियारा घाट पर सजेगा भगवान श्री बालाजी महाराज का भव्य मेला, तैयारियों को लेकर अर्चना चिटनिस ने दिए निर्देश ।
बुरहानपुर। आस्था, परंपरा और भक्ति के संगम भगवान श्री बालाजी महाराज का ऐतिहासिक उत्सव बुरहानपुर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 11 से 25 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस उत्सव के अंतर्गत 22 से 24 अक्टूबर तक सूर्यपुत्री मां ताप्ती के पावन तट स्थित सतियारा घाट पर तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होगा। मेले में दीपदान, महाआरती, भजन मंडलियों की प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अखाड़ों के रोमांचक करतब, मलखंभ एवं डांडिया रास-गरबा प्रतियोगिताएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से महाजनापेठ स्थित भगवान श्री बालाजी मंदिर में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) एवं महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, पुलिस, यातायात पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य, होमगार्ड, लोक निर्माण विभाग एवं जनपद पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निर्देश दिए कि भगवान श्री बालाजी महाराज के रथ भ्रमण मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, पानी का छिड़काव तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भगवान के स्वागत में भ्रमण मार्ग पर आकर्षक रंगोली बनाने का आग्रह किया, ताकि नगर भ्रमण के दौरान धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बने। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात सुचारु रखने, भीड़ प्रबंधन करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार विभिन्न व्यायामशालाओं द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए होमगार्ड जवानों एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए कड़वीशा नाला, तिलक हॉल, श्री बालाजी मंदिर परिसर एवं कामेश्वर ऑयल मिल सहित निर्धारित स्थलों पर व्यवस्था की जाएगी। श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सतियारा घाट तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, घाट की पुताई एवं रंग-रोगन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मेला प्रांगण की सफाई, गड्ढों को भरकर समतलीकरण तथा मुख्य मंच की मरम्मत समय पर पूरी की जाए। राजघाट से सतियारा घाट तक आने वाले मार्ग पर भी साफ-सफाई, मरम्मत एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि दर्शन एवं मेले में सहभागिता के दौरान किसी को असुविधा न हो।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि 22 अक्टूबर से सतियारा घाट पर भगवान श्री बालाजी महाराज के मेले का शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक यहां भगवान श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। 23 एवं 24 अक्टूबर को प्रातः नदी तट पर श्रीजी का पूजन-अभिषेक, शाही स्नान एवं आरती होगी। 24 अक्टूबर को देर रात भगवान श्री बालाजी महाराज की शोभायात्रा सतियारा घाट से राजघाट, शाह बाजार, फव्वारा चौक, गांधी चौक एवं पांडुमल चौराहा होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।
उत्सव के अंतिम चरण में 25 अक्टूबर 2026 को शरद पूर्णिमा के अवसर पर चांदनी चौक स्थित भगवान श्री बालाजी महाराज के प्रांगण में विशाल मेले का आयोजन होगा। श्रीमती चिटनिस ने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया, जिससे भगवान श्री बालाजी महाराज के इस पारंपरिक उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
माँ रेणुका माता मंदिर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
इसी प्रकार नवरात्रि पर्व पर माँ रेणुका माता मंदिर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल एवं अधिकारियों तथा भक्तों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए मंदिर मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन और पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान व्यवस्थाओं की सतत निगरानी एवं विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, एसडीएम श्रीमती पल्लाविक पौराणिक, चिंतामन महाजन, पंडित चंद्रकांत बालाजी वाले, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, हिरालाल बड़गुजर, विजय शेवाड़े, रूद्रेश्वर एंडोले, अशोक महाजन, विपुल कानूनगो, भरत इंगले, अशोक भट्ट, किशोर राठौर, किशोर कामठे, शिवकुमार पासी, भरत रावल, अक्षय मोरे, चिंटू राठौर,रूपेश लिहनकर, श्रीमती वसंता पाटिल, यमुना मौसी, श्रीमती कल्पना मिश्रा, श्रीमती संध्या कदवाने, श्रीमती अंजली गढ़े, श्रीमती स्वर्णा पाटिल, दर्शन पाटिल, सहित पुलिस विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, यातायात विभाग, राजस्व-जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित भक्तगण उपस्थित रहे।