श्रद्धा, शक्ति और भक्ति के रंग में रंगा बुरहानपुर, अर्चना चिटनिस ने किए माँ दुर्गा के दर्शन
बुरहानपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर बुरहानपुर नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक माँ दुर्गा की आराधना, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर विराजित माँ दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। ग्राम इच्छापुर में माँ इच्छादेवी तथा ग्राम धामनगांव में माँ बाघेश्वरी के दर्शन कर आरती की और माँ के श्रीचरणों में शीश नवाकर सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर नगर के विभिन्न दुर्गा उत्सव स्थलों पर पहुँचकर माँ जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने तिलक वार्ड के नाथवाड़ा स्थित श्री नवदुर्गा समिति, हरिओम मैदान स्थित श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति, बरडिया झीन के पास श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति तानाजी मंडल तथा गुरव बाड़ा में आयोजित गरबा उत्सव में सहभागिता की। लालबाग के नवदुर्गा चौक, जेके जिनिंग स्थित श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति तथा पंच नीम में माँ वैष्णो देवी की गुफा की तर्ज पर निर्मित भव्य धाम में भी पहुँचकर दर्शन किए।
इसके साथ ही तुलसी सरोवर नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा विराजित माँ जगदंबा के दर्शन कर समिति की भजन संध्या में सम्मिलित हुईं। श्री सार्वजनिक साईं बाबा नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित माँ जगदंबा के दर्शन किए तथा सीके ग्रैंड-2 में आयोजित गरबा रास के दौरान माँ की आराधना एवं आरती में सहभागिता की। विभिन्न स्थानों पर उत्सव समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना, श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व है। माँ दुर्गा की आराधना हमें सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और जनकल्याण की प्रेरणा देती है। दुर्गा उत्सव, भजन संध्या और गरबा जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने माँ इच्छादेवी, माँ बाघेश्वरी एवं माँ जगदंबा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त बुरहानपुरवासियों पर सदैव बनी रहे। प्रत्येक परिवार सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता से परिपूर्ण हो तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली और सद्भाव का वातावरण निरंतर बना रहे।
लालबाग के नवदुर्गा चौक में श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रकृति को ध्यान में रखकर स्वयं तैयार किए गए पंडाल की सराहना करते हुए श्रीमती चिटनिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माँ की आराधना के साथ प्रकृति की रक्षा करना भी हम सभी का दायित्व है। धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाकर हम अपनी आस्था को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ सकते हैं। उन्होंने सभी दुर्गा उत्सव समितियों एवं नागरिकों से आग्रह किया कि धार्मिक आयोजनों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग टालें, कपड़े की थैली अपनाएँ और स्वच्छता को अपने स्वभाव का हिस्सा बनाएँ। सामूहिक सहभागिता से ही बुरहानपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
श्रीमती चिटनिस ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों, आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए माँ के श्रीचरणों में जनकल्याण, सर्वसमृद्धि और सभी के मंगल की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, रूद्रेश्वर एंडोले, हेमंत महाजन, भरत रावल, शिवकुमार पासी, चिंटू राठौर, प्रदीप कसेरा, श्रीमती अंजली गढे़, सुभाष जाधव, प्रशांत रावतोले एवं कुणाल रावाये सहित अन्य जनप्रतिनिधि व भक्तगण उपस्थित रहे।