मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर पालिका नेपानगर पहुंचा प्रशासन, योजनाओं की दी जानकारी स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न सुविधाएं।

Spread the love

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर पालिका नेपानगर पहुंचा प्रशासन, योजनाओं की दी जानकारी
स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न सुविधाएं

बुरहानपुर//- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन और आमजन के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं बेहतर संवाद को सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान सुशासन की अवधारणा को मजबूत करते हुए शासन की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने तथा प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर पालिका नेपानगर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर तथा क्षेत्र भ्रमण आयोजित किया गया। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटिल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विवेक कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि, राजस्व, खाद्य, शिक्षा, सहित अन्य विभागों द्वारा नागरिकों को शासन की योजनाओं से अवगत कराया गया। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी संवाद स्थापित करना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश शासन द्वारा हितग्राहियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीमती पाटिल ने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिको को अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचाने और उनका समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने कहा कि प्रदेश शासन के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आज हम सब आपके बीच उपस्थित होकर आपसे संवाद करने आये है। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं ताकि कोई पात्र हितग्राही योजना का लाभ लेने से ना छुटे। उन्होंने शिविर में उपस्थित नागरिकों एवं हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा थानों में क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस प्रशासन द्वारा संबंधित शिकायतकर्ता से संपर्क किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन को सुरक्षित वातावरण एवं आवश्यक पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
शिविर में स्टॉलों का किया गया निरीक्षण, कलेक्टर ने कराई शुगर की जांच
शिविर के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटिल एवं कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री कुमार ने अपना शुगर टेस्ट भी कराया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों से स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गयी। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में शिकायत पंजीयन, आधार अपडेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, बीपी-शुगर जांच, दवाई वितरण, नेत्र परीक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, सिकल सेल जांच, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, वित्त, शिक्षा, जनजातीय कार्य, सहकारिता, खाद्य सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाये गये।
हितग्राहियों ने साझा किए अपने अनुभव
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में हितग्राहियों ने शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए। इस दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं प्रधानमंत्री सुक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किये। इस अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन अंतर्गत दलहन फसलों को प्रोत्साहित करने एवं दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उद्देश्य से हितग्राहि कृषकों को बीज वितरण भी किया गया। विदित है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *