कलेक्टर का अनोखा अंदाज! आवेदिका को पास बैठाया, सुनी फरियाद, बोले—समस्या नहीं सुलझी तो सीधे मुझे कॉल करें

Spread the love

जनसुनवाई

 

समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो सीधे मुझे कॉल करें- कलेक्टर श्री कुमार

 

कलेक्टर की संवेदनशील पहल, आवेदिका को पास बैठाकर सुनी समस्या

 

शासन के निर्देशानुसार सप्ताह के हर मंगलवार को नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। जनसुनवाई के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से आये नागरिकगण अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखते है।

 

भरोसे का साथ, समाधान का विश्वास

 

आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा, यदि निराकरण नहीं होता है तो आप मेरे पर्सनल नंबर पर मुझे सीधे कॉल कर सकते हैं। यह बात कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने मंगलवार को जनसुनवाई में आए आवेदक दयाशंकर एवं उनकी पत्नी से संवाद करते हुए कही। उन्होंने आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर देकर आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत का निराकरण हो जाएगा। विदित है कि नवागत कलेक्टर श्री विवेक कुमार मंगलवार को अपनी पहली जनसुनवाई ले रहे थे। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा की, गंभीरतापूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

 

इसी दौरान कलेक्टर श्री कुमार ने मानवीय संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय देते हुए आवेदिका रुखडीबाई को अपने समीप बैठाकर उनकी समस्या सुनी। उन्होंने आत्मीयता के साथ उनकी बातों को समझा तथा समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। आमजन की समस्याओं को सम्मानपूर्वक सुनने और उनकी परिस्थितियों को समझने की यह पहल जनसुनवाई के संवेदनशील स्वरूप को दर्शाती है। आवेदिका द्वारा अपनी आवास संबंधी समस्या बताई गयी।

 

इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुमार जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए जनसुनवाई पंजीयन काउंटर पर भी पहुंचे। वहां उन्होंने प्रक्रियाओं एवं की जा रही गतिविधियों का अवलोकन किया। इसी दौरान मौजूद दिव्यांग आवेदक से चर्चा कर उनकी पारिवारिक स्थिति एवं समस्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आवेदक की परिस्थितियों को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। लेख है कि जनसुनवाई में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने आवेदकों से संवाद करते हुए उन्हें अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।

 

जनसुनवाई में करीबन 105 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का पात्रता एवं नियमानुसार निराकरण किया जाये। वहीं रास्ता विवाद, कब्जा, अतिक्रमण जैसी अन्य शिकायतों का मौके पर ही पहुंचकर निराकरण सुनिश्चित किया जाये। शाहपुर क्षेत्र अंतर्गत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने सीएमओ शाहपुर को एसडीएम के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आयोजित जनसुनवाई में एमागिर्द क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर शिकायत आई वहीं राशन, विद्युत, पुलिस, पंचायत, शिक्षा, नगर निगम, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुना गया।

 

कलेक्टर श्री कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई में जुड़े अधिकारियों से भी आवेदनों के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *