गोवर्धन पर्व पर गौमाता का पूजन, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील बोले – गौवंश संरक्षण के लिए सरकार संकल्पित

Spread the love

गोमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का पर्याय, इनके संरक्षण के लिए सरकार संकल्पित – सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ।

– ग्राम डोंगरगांव में जिला स्तरीय गोवर्धन पर्व समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए सांसद, गौमाता का पूजन कर की सुख-समृद्धि की मंगलकामना।

 

– सांसद ने कहा पीएम मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री यादव जी के नेतृत्व में गौवंश संरक्षण और पशुपालकों के प्रोत्साहन के लिए हो रहे निरंतर प्रयास

– नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा हमें मां शब्द देने वाली गौमाता

बुरहानपुर। गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर सोमवार को ग्राम डोंगरगांव की संत सेवालाल महाराज गौशाला में जिला स्तरीय गौ-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

 

इस अवसर पर बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस,नेपानगर विधायक मंजू दादू,जिलाध्यक्ष डॉ मनोज माने,जिला कलेक्टर विवेक कुमार सहित जनप्रतिनिधियों ने गौमाता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

 

सभी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी का लाइव प्रसारण देखा।कार्यक्रम में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया।अतिथियों ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत जिले के पशुपालको को समानित किया।

इस अवसर पर सांसद श्री पाटील ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का पर्याय हैं। हमारी संस्कृति में गौमाता को माता का दर्जा दिया गया है। गौमाता का हमारे जीवन में धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व है। वे केवल हमारी आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 

गौमाता का दूध पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है और गोवंश हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा कृषि व्यवस्था का अभिन्न अंग है। इसलिए गौवंश की रक्षा और सेवा हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण की व्यवस्था को बेहतर करने और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गौशालाओं को दिए जाने वाले अनुदान में वृद्धि सरकार की गौसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

गौशालाओं को संबल, पशुपालकों को प्रोत्साहन

सांसद ने कहा कि गोवर्धन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रविंद्र भवन में राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजयी पशुपालकों को कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का अंतरण किया गया। वहीं प्रदेश की गौशालाओं में संरक्षित 5 लाख 51 हजार निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए माह सितंबर की 60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की गई।

 

सरकार की इन पहलों से गौशालाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही पशुपालकों का मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को नई पहचान मिलेगी। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। गोवर्धन पर्व हमें प्रकृति, गौवंश और भारतीय परंपराओं के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।

गौमाता का दूध अमृत समान – विधायक मंजू दादू

नेपागर विधायक मंजू दादू ने कहा कि गौमाता में अनेक गुण समाहित हैं। वे प्रकृति और परमात्मा का अनुपम स्वरूप हैं। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार गौमाता भी अपने बछड़ों के साथ मानव समाज का पोषण करती हैं।

 

गौमाता का दूध अमृत के समान है और भारतीय संस्कृति में उनका स्थान सर्वोच्च रहा है। देवताओं के पास भी कामधेनु के रूप में गौमाता का विशेष महत्व रहा है। हमें मां शब्द देने वाली गौमाता के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।

 

गौसेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौर,मनोज टंडन, आदित्य प्रजापति, जनपद प्रतिनिधि प्रदीप पाटील, नीलेश चौकसे,अरुण पवार,महामंत्री ईश्वर चौहान,हँसहराज, मिश्रीलाल जी,कृष्णचंद पवार,विजय राठौर, संजय राठौर,गोरेलाल चौहान,सुनील वाघे, गणेश पाटील सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *