स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन का व्यापक अभियान, गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी
कलेक्टर कर रहे नियमित मॉनिटरिंग, देर शाम वीसी के माध्यम से ली राजस्व अधिकारियों की बैठक
बुरहानपुर- प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के भू-खण्ड अधिकार सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है, यह प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं अनुकरणीय पहल है। इससे न केवल ग्रामीण परिवारों को उनके भू-खण्ड का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा, बल्कि उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
लक्ष्यपूर्ति के लिए मैदानी स्तर पर सक्रिय है प्रशासनिक अमला
बुरहानपुर जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कार्ययोजना के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्व अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर हितग्राहियों को योजना के उद्देश्य एवं लाभों से अवगत करा रहे हैं तथा अपने समक्ष में ही पंजीयन करवा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
गांव-गांव, गली-गली पहुंचकर अधिकारी करवा रहे कार्यों का संपादन
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में अधिकारियों की मैदानी स्तर पर भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी दायित्व का निर्वहन करते हुए अधिकारी दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी गांव-गांव और गली-गली पहुंचकर कार्य कर रहे हैं। कहीं पेड़ की छांव में बैठकर ग्रामीणों के साथ चर्चा की जा रही है, तो कहीं खड़े होकर अथवा घरों के आंगन में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई जा रही हैं। ग्रामीणों एवं पटवारियों के साथ बैठकर अभिलेखों से संबंधित कार्यों का पंजीयन किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में पटवारियों एवं ग्राम सचिवों द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर द्वारा की जा रही नियमित मॉनिटरिंग, शीघ्र लक्ष्यपूर्ति के निर्देश
कलेक्टर श्री विवेक कुमार द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। वे अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में अपेक्षित गति बनी रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न हो। भू-संसाधन प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के तहत जिले में बुधवार को 2073 तथा अब तक कुल 33,856 पंजीयन रजिस्ट्री पूर्ण किए जा चुके हैं। शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के लिए प्रशासनिक अमला निरंतर फिल्ड पर जुटा हुआ है।
वीसी के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की समीक्षा
कलेक्टर विवेक कुमार नियमित रूप से स्वामित्व प्रगति की समीक्षा वीसी ले रहे है। इसी श्रृंखला में बुधवार देर शाम को आयोजित वीसी के माध्यम से जुड़े समस्त राजस्व अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की गयी। कलेक्टर ने अधिकारियों से मैदानी स्तर पर आ रही चुनौतियों एवं निर्धारित लक्ष्यपूर्ति को लेकर आपसी सामंजस्य एवं बेहतर प्लानिंग के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
प्रत्येक पात्र ग्रामीण तक स्वामित्व अधिकार पहुंचाने के लिए संकल्पित जिला प्रशासन
स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुरहानपुर जिला प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता सतत मैदानी प्रयासों में स्पष्ट परिलक्षित हो रही है। निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति से लेकर दूरस्थ ग्रामों में हितग्राहियों तक पहुंचने और प्रत्येक स्तर पर कार्यों की निगरानी करने तक पूरा प्रशासनिक अमला समर्पित भाव से जुटा हुआ है। जिला प्रशासन का संकल्प है कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे।