संविधान की ताकत समानता और सामाजिक न्याय में, युवा विकसित भारत के निर्माण में निभाएं अग्रणी भूमिका – सांसद ज्ञानेश्वर पाटील
– संविधान दिवस पर आयुर्वेद महाविद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद, बाबा साहेब के योगदान और मोदी सरकार की पहल को रेखांकित किया
– युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बने
बुरहानपुर। संविधान दिवस के अवसर पर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने गुरुवार को पंडित शिवनाथ शास्त्री शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद कर संविधान के महत्व, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के योगदान और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।उन्होंने संविधान को देश के लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी ताकत समानता, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2024 में संविधान अंगीकरण के 75 वर्ष पूर्ण हुए। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है। इसके निर्माण में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का योगदान अविस्मरणीय है। शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति को आगे बढ़ाने का उनका विचार आज भी प्रासंगिक है।
कांग्रेस के कार्यकाल में लिखा गया काला अध्याय
सांसद ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संदर्भ में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के कार्यकाल में मौलिक अधिकारों के निलंबन, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान सभी राजनीतिक दलों और देशवासियों की समान जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुईं।बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों के विकास तथा जनधन, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण को सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
युवाओं की सोच और प्रतिभा से बनेगा विकसित भारत
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान सांसद ने उन्हें पारंपरिक रोजगार की सोच से आगे बढ़कर उद्यमिता और नवाचार की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। समस्याओं की पहचान के साथ उनके समाधान तलाशने की क्षमता विकसित करें। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार से ही साकार होगा।
आयुर्वेद की परंपरा और चिकित्सा सेवा का महत्व बताया
सांसद ने भारत की प्राचीन आयुर्वेद परंपरा और आयुष पद्धति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने भावी चिकित्सकों से कहा कि चिकित्सा सेवा में मरीज की जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर उसके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना आवश्यक है। मानव सेवा ही चिकित्सक का सबसे बड़ा धर्म है। मरीज के चेहरे पर लौटने वाली मुस्कान ही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।कार्यक्रम के समापन पर संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने, मौलिक कर्तव्यों का पालन करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।आदित्य प्रजापति ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जो हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव है।
हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार देता है, साथ ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, भाजपा के वरिष्ठ नेता किशोर शाह,पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू पाटील, विठल चौधरी, जिला युवा अधिकारी अनमोल चतुर्वेदी, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अरविंद पटेल डॉ दीपक वाभले, पार्षद भरत इंगले, महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन चेतन जाधव ने किया। युवा संवाद कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले युवाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।