58 भूखंड आवंटित, उद्योग शुरू करने की चुनौती! मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

Spread the love

मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिये बुलाई गई बैठक।

 

विधायक एवं कलेक्टर ने उद्योगपतियों से किया संवाद, 8 दिसंबर तक कार्य-योजना प्रस्तुत करने की बात भी कही।

बुरहानपुर- जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर में औद्योगिक गतिविधियां शीघ्र प्रारंभ कराने की दिशा में प्रयास किये जा रहे है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस एवं कलेक्टर श्री विवेक कुमार की उपस्थिति में उद्योगपतियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगपतियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उन्हें उपलब्ध औद्योगिक अधोसंरचना का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द अपना उद्योग प्रारंभ करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि मोहम्मदपुरा में 7.61 हेक्टेयर क्षेत्र में पावरलूम क्लस्टर विकसित किया गया है। बैठक का प्रमुख उद्देश्य क्लस्टर में आवंटित भू-खण्डों पर औद्योगिक गतिविधियों को गति देना तथा उद्योगपतियों को जल्द उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान उद्योगपतियों ने कार्य प्रारंभ होने में हो रही देरी के कारणों से अवगत कराया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, श्रमिक दर, साइजिंग सुविधा, बिजली सब्सिडी तथा पावरलूम उद्योगों के लिए एकीकृत व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं अपेक्षाएं रखीं।

 

औद्योगिक विकास के लिए शासन-प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा- विधायक श्रीमती चिटनिस

 

बैठक में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। बुरहानपुर में उद्योगों के विस्तार और विकास के लिए शासन-प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि वे व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ करें। उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मोहम्मदपुरा क्षेत्र में साइजिंग गतिविधियों के लिए सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने की बात कही।

 

क्लस्टर विकास के लिए जिला प्रशासन सक्रिय- कलेक्टर श्री कुमार

 

कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने कहा कि मोहम्मदपुरा क्लस्टर के विकास के लिए जिला प्रशासन सक्रियता के साथ कार्य करेगा। उद्योगपतियों से अपेक्षा है कि वे वर्तमान परिस्थितियों और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द अपने उद्योगों का संचालन प्रारंभ करें। औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने से न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि मोहम्मदपुरा क्लस्टर क्षेत्र के प्रशासनिक भवन में विशेष सशस्त्र बल की ठहरने की व्यवस्था की कार्य-योजना है। जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत एवं चाक-चौबंद बनी रहेगी।

 

बैठक में उद्योगपतियों से कहा गया कि वे अपने उद्योग प्रारंभ करने की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करते हुए कार्ययोजना तैयार करें। सभी उद्योगपति अपनी कार्ययोजना एवं किस माह तक औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ करेंगे, इसकी जानकारी 8 दिसंबर तक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। इससे शासन स्तर पर उद्योगों के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए किए जाने वाले प्रयासों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

 

64 भू-खण्डों में से, 58 भू-खण्डों का आवंटन

 

बैठक में महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री आत्माराम सोनी ने जानकारी दी कि मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर में नवंबर 2025 से भू-खण्ड आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी।

क्लस्टर में कुल 64 भू-खण्ड हैं, जिनमें से 58 भू-खण्ड आवंटित किए जा चुके हैं तथा 6 भू-खण्डों की आवंटन प्रक्रिया प्रचलन में है।

वर्तमान में दो औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभिक दौर में हैं। उन्होंने बताया कि क्लस्टर के पूर्ण रूप से सक्रिय होने से पावरलूम एवं वस्त्र उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *