मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या–वाराणसी की निःशुल्क यात्रा का सुनहरा अवसर

Spread the love

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या–वाराणसी की निःशुल्क यात्रा का सुनहरा अवस
आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026, 1 मार्च से शुरू होगी तीर्थ यात्रा
बुरहानपुर | 21 जनवरी 2026
राज्य शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में बुरहानपुर जिले से प्रस्तावित वैष्णोदेवी यात्रा कार्यक्रम में संशोधन करते हुए अब अयोध्या–वाराणसी तीर्थ यात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह पावन यात्रा 01 मार्च 2026 से 06 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। यात्रा में शामिल होने के इच्छुक एवं पात्र वरिष्ठ नागरिक 15 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत आवेदन करने हेतु आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है तथा वह आयकरदाता नहीं होना चाहिए। पुरुष आवेदक की न्यूनतम आयु 60 वर्ष एवं महिला आवेदक की 58 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। वहीं 60 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग नागरिकों के लिए आयु की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है।
यदि पति-पत्नी एक साथ यात्रा करना चाहते हैं, तो दोनों में से किसी एक के पात्र होने पर जीवनसाथी भी योजना का लाभ ले सकता है, भले ही उसकी आयु निर्धारित सीमा से कम हो।
यात्रा हेतु आवेदक का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है तथा किसी भी संक्रामक रोग से ग्रसित नहीं होना चाहिए। इसके लिए सक्षम चिकित्सक द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना आवश्यक होगा।
इसके अतिरिक्त, 65 वर्ष से अधिक आयु के एकल तीर्थ यात्री एवं 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग नागरिकों को एक सहायक (केयर टेकर) साथ ले जाने की पात्रता भी प्रदान की गई है। इच्छुक नागरिक समूह बनाकर भी आवेदन कर सकते हैं, हालांकि समूह में अधिकतम 25 व्यक्ति ही शामिल हो सकते हैं।
राज्य शासन की यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए आस्था, सम्मान और सुविधा का संगम साबित हो रही है, जिससे वे जीवन के इस पड़ाव में पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन सहजता से कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *