खण्डवा मेडिकल कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ, मंत्री विजय शाह ने की बस सुविधा और एमआरआई की बड़ी घोषणा

Spread the love

खंडवा

संवाददाता नीतिन झवर 

 

 

प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह ने गुरूवार को खण्डवा के नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में “फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी” विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ किया।

 

उन्होंने इस अवसर पर खण्डवा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय में पीपीपी मॉडल से एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

कार्यक्रम में खण्डवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दादू एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत सहित मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

 

 

मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि वर्तमान युग में बढ़ते अपराधों को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस का महत्व बढ़ता जा रहा है, क्योंकि इसकी मदद से अपराधियों को पकड़ने और उन्हें सजा दिलाना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।

 

 

पहले प्रदेश में गिने चुने मेडिकल कॉलेज ही थे, लेकिन अब हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने का संकल्प सरकार ने लिया है। इसके तहत कुछ जिलों में सरकारी तो कुछ में प्रायवेट मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जनजातीय वर्ग के मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को हर तरह की मदद दिलाई जाती है।

 

 

विदेश जाकर मेडिकल सम्बंधी पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स करने के इच्छुक कमजोर वर्ग के विद्यार्थी को प्रदेश सरकार 40 हजार अमेरिकन डॉलर की मदद प्रतिवर्ष करती है। इसके साथ ही विद्यार्थी के विदेश आने जाने का किराया भी प्रदेश सरकार उपलब्ध कराती है।

 

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के 14 विद्यार्थी विदेश जाकर मेडिकल सम्बंधी पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स पूर्ण कर चुके हैं।

 

जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *