मूलभूत सुविधा को तरसे
बुरहानपुर जिले में एक कॉलोनी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया है कि जिस भूमि को आवासीय बताकर उन्हें प्लॉट बेचे गए, वहां आज तक सड़क, बिजली, पानी और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। रहवासियों का कहना है कि संबंधित भूमि का डायवर्शन व्यक्तिगत आवासीय उपयोग के लिए हुआ था, लेकिन बिना कॉलोनी लाइसेंस और आवश्यक स्वीकृतियों के छोटे-छोटे प्लॉट काटकर बेचे गए। मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंची है, जिस पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रहवासियों के अनुसार प्लॉट खरीदते समय उन्हें बताया गया था कि भूमि पूरी तरह वैध है और कॉलोनी विकसित की जाएगी। लेकिन वर्षों बाद भी कॉलोनी में सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है,आरोप है कि संबंधित भूमि का डायवर्शन व्यक्तिगत आवासीय प्रयोजन के लिए किया गया था, जबकि कॉलोनी विकसित करने के लिए आवश्यक कॉलोनी लाइसेंस और ग्राम एवं नगर निवेश विभाग से अभिन्यास स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई। इसके बावजूद भूमि को छोटे-छोटे प्लॉटों में विभाजित कर कई लोगों को विक्रय कर दिया गया।
मामले को लेकर कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों का आरोप है कि बिना आवश्यक अनुमति और विकास कार्य कराए प्लॉट बेचकर लोगों को गुमराह किया गया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और स्वीकृतियों की जांच कराई जा रही है।
यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल में जुटा हुआ है।
कॉलोनीवासियों की मांग है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और उसके परिणाम पर टिकी हुई है।