एसपी आशुतोष बागरी ने ली SPO कोटवारों की क्लास, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा पर दिए अहम दिशा-निर्देश।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने ली विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) कोटवारों की क्लास, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा में निभाई जाने वाली भूमिका पर किया मार्गदर्शन*
आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत सभागृह में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के रूप में नियुक्त कोटवारों का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने स्वयं उपस्थित होकर कोटवारों को उनकी जिम्मेदारियों, कर्तव्यों एवं पुलिस कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन, प्रशासन एवं पुलिस के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उनकी सतर्कता एवं सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने सभी कोटवारों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ करने की समझाइश दी।
प्रशिक्षण के दौरान श्रीमान द्वारा भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस सहयोग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी रखने, अफवाहों की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में प्राप्त अधिकारों एवं जिम्मेदारियों का उपयोग केवल जनहित एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाए तथा किसी भी परिस्थिति में पद का दुरुपयोग न किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा अनुचित आचरण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:
*पुलिस की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न शाखाओं की भूमिका की जानकारी दी गई।
*आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
*भीड़ नियंत्रण एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
*संदिग्ध व्यक्तियों, गतिविधियों एवं बाहरी तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
*किसी भी आपराधिक गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने हेतु कहा गया।
*सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने एवं उनकी सूचना देने के निर्देश दिए गए।
*ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
*पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की समझाइश दी गई।
*ड्यूटी के दौरान अनुशासन, मर्यादित व्यवहार एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
*विशेष पुलिस अधिकारी के पद एवं अधिकारों का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न करने के निर्देश दिए गए।
*आपदा, दुर्घटना अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
*सामुदायिक पुलिसिंग की भावना के साथ जनता एवं पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी शाहपुर श्री अखिलेश मिश्रा सूबेदार दीपाली यादव समस्त कोटवार एवं पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।