स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमामय एवं देशभक्तिमय वातावरण में संपन्न
प्रदेश स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री संदेश का जिले में हुआ लाइव प्रसारण
कलेक्टर एवं मुख्य अतिथि श्री हर्ष सिंह ने किया ध्वजारोहण, परेड का निरीक्षण कर ली सलामी
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा देशभक्ति का समां
‘‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश, बुरहानपुर जिले की विकास गाथा’’ पुस्तिका का हुआ वितरण
बुरहानपुर, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नेहरू स्टेडियम, बुरहानपुर में मुख्य समारोह गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं देशभक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्’’ एवं राष्ट्रगान ‘‘जन-गण-मन’’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने परेड का निरीक्षण किया एवं सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने परेड कमांडर से परिचय प्राप्त किया। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों से कलेक्टर श्री सिंह ने आत्मीय भेंट कर उन्हें सम्मानित भी किया।
प्रदेश की जनता के नाम स्वाधीनता संदेश का लाइव प्रसारण
मुख्य समारोह में भोपाल से प्रसारित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम स्वाधीनता संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, डीएफओ श्री विद्याभूषण सिंह, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, अधिकारियों-कर्मचारियों, जिलेवासियों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री जी के संदेश को देखा एवं सुना।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस बधाई संदेश का वाचन किया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा देशभक्ति का समां
समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली विद्यार्थियों ने मनमोहक एवं उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
बुरहानपुर जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण
मुख्य समारोह अवसर पर ‘‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश, बुरहानपुर जिले की विकास गाथा’’ पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका में विगत ढाई वर्षों में जिले में हुए विकास कार्यों, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले की प्रमुख उपलब्धियों को संकलित किया गया है। विदित है कि यह पुस्तिका जनसंपर्क विभाग मध्यप्रदेश द्वारा प्रकाशित की गयी है।
विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों को किया प्रोत्साहित एवं सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि. बुरहानपुर एवं नेहरू मॉन्टेसरी सीनियर सेकेण्डरी स्कूल ने प्रथम, सेंट थेरेसा स्कूल ने द्वितीय तथा सावित्रीबाई फूले शासकीय कन्या उ.मा.वि. ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सेवा सदन उ.मा.वि. को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी कड़ी में समारोह के दौरान मार्च पास्ट में शामिल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को भी सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र दिये गये। पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के पश्चात स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्’’ एवं राष्ट्रगान ‘‘जन-गण-मन’’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।