रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की कवायद, सांसद पाटील ने नागपुर में रेलवे के आला अफसरों के सामने उठाए बड़े मुद्दे
– दादाजी धाम एक्सप्रेस फिर दौड़ाने और बंद स्टॉपेज बहाल कराने से लेकर नई ट्रेनों की मांग
– बुरहानपुर के ओवरब्रिज, नेपानगर और खंडवा के स्टेशन री-डेवलपमेंट पर भी हुई अहम चर्चा
बुरहानपुर। बुरहानपुर ,नेपानगर सहित पूरे खंडवा लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बुधवार को नागपुर में सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक एवं अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बुरहानपुर के निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को जल्द पूरा करने, शिवाजी नगर-चिंचाला को जोड़ने के लिए नए ओवरब्रिज, नेपानगर में कोविड काल से बंद ट्रेन स्टॉपेज बहाल करने, अमृत भारत स्टेशन के कार्यों को गति देने, नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने तथा खंडवा स्टेशन के री-डेवलपमेंट और तीसरी-चौथी रेलवे लाइन के कार्यों सहित क्षेत्र की प्रमुख रेल मांगों को मजबूती से रखा गया।
*दादाजी धाम एक्सप्रेस फिर दौड़े, बंद स्टॉपेज हों बहाल*
नेपानगर के यात्रियों की लंबे समय से जुड़ी रेल जरूरतों को देखते हुए कोविड काल में बंद किए गए ट्रेन स्टॉपेज को पुनः बहाल करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। विशेष रूप से कोविड से पूर्व भुसावल-नागपुर के बीच चलने वाली दादाजी धाम एक्सप्रेस का पुनः संचालन शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप नई ट्रेनों के स्टॉपेज देने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
*ओंकारेश्वर-त्र्यंबकेश्वर के बीच ट्रेन की मांग, बडनेरा-अमरावती तक नई कनेक्टिविटी*
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बैठक में धार्मिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी महत्वपूर्ण मांग भी उठाई गई। ओंकारेश्वर से त्र्यंबकेश्वर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने पर जोर दिया गया, जिससे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के दो प्रमुख ज्योतिर्लिंग तीर्थस्थल सीधे रेल सेवा से जुड़ सकेंगे और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा खंडवा-बुरहानपुर होते हुए बडनेरा-अमरावती के बीच नई ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की मांग को भी प्राथमिकता से रखा गया। इस रेल सेवा से क्षेत्र की यात्री कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
*बुरहानपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज जल्द पूरा हो, नए ओवरब्रिज की भी मांग*
बुरहानपुर की स्थानीय यातायात व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बैठक में विशेष जोर रहा। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की मांग रखी साथ ही लालबाग क्षेत्र में शिवाजी नगर और चिंचाला वार्ड को जोड़ने के लिए नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की। इन दोनों कार्यों को क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी आमजन की परेशानियों को कम करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।
*नेपानगर अमृत स्टेशन के काम की प्रगति जानी, स्टॉपेज बहाली पर भी जोर*
नेपानगर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। स्टेशन विकास कार्यों को गति देने के साथ ही कोविड काल से बंद किए गए ट्रेन स्टॉपेज को पुनः यथावत करने की मांग रखी गई। उद्देश्य यह है कि स्टेशन के विकास के साथ यात्रियों को बेहतर और अधिक उपयोगी रेल सेवाएं भी मिलें।
*खंडवा स्टेशन री-डेवलपमेंट और तीसरी-चौथी लाइन पर भी नजर*
बैठक में खंडवा रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्य को जल्द शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही खंडवा लोकसभा क्षेत्र से जुड़े तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
*प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार*
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण, नई रेल लाइनों, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार का व्यापक कार्य हो रहा है। उन्होंने खंडवा लोकसभा क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री जी एवं रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा क्षेत्र की रेल जरूरतों को लेकर प्रयास निरंतर जारी हैं। क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी, यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन और रेलवे से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को गति दिलाने के लिए इन मुद्दों को लगातार उचित स्तर पर मजबूती से उठाया जा रहा है। बैठक में मध्य रेल समिति सदस्य मनोज सोनी भी उपस्थित रहे।