कार्यवाही
बुरहानपुर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। महिलाओं की शिकायत के बाद ग्राम सीवल, साईंखेड़ा और हैदरपुर में आबकारी टीम ने 17 अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कच्ची हाथ भट्टी की शराब और देशी शराब जब्त की गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने सीवल के इंद्रानगर, बंजारवाड़ी और राठयावाड़ी, साईंखेड़ा के इंद्रानगर, भील मोहल्ला और टांडा क्षेत्र सहित हैदरपुर में कार्रवाई की।
टीम ने कुल 17 स्थानों पर दबिश देकर 5 आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में 15 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा और 43 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद कर जब्त की गई। आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के ठिकानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी,महिलाओं की शिकायत के बाद इन क्षेत्रों में कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लोगों से भी अपील है कि अवैध मदिरा की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचना दें और कार्रवाई में सहयोग करें।