पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने ली गणेश पंडाल आयोजकों की बैठक
गणेश विसर्जन एवं चल समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण बनाने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आगामी गणेश विसर्जन एवं चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी द्वारा गणेश पंडाल आयोजकों एवं समिति पदाधिकारियों की बैठक ली गई।
बैठक में विसर्जन चल समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस के अनुशासन, डीजे संचालन, विद्युत तारों से सुरक्षा तथा विसर्जन घाट पर आवश्यक सावधानियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी आयोजकों से अपील की कि गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आपसी सौहार्द का पर्व है। सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें, ताकि विसर्जन चल समारोह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश
चल समारोह में मूर्तियों को सबसे पहले निकालने की होड़ न करें। सभी गणेश पंडाल आयोजकों को समझाइश दी गई कि जुलूस में आगे निकलने की प्रतिस्पर्धा से अव्यवस्था एवं दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
निर्धारित क्रम एवं अनुशासन का पालन करें।
विद्युत तारों से विशेष सावधानी रखें*। मूर्ति पर चढ़कर हाथों से विद्युत तारों को ऊपर न करें। आवश्यकता होने पर निर्धारित दूरी एवं सुरक्षित तरीके से डंडे की सहायता से तारों को ऊपर किया जाए तथा इस कार्य में पर्याप्त सावधानी बरती जाए।
मूर्ति की ऊंचाई के अनुसार निर्धारित रूट का पालन करें।
11 फीट तक की गणेश प्रतिमाएं पांडुगल चौराहा → राजपुर रोड → राजपुरा गेट → हाईवे होते हुए हतनूर विसर्जन घाट की ओर जाएंगी।
11 फीट से अधिक ऊंचाई की गणेश प्रतिमाएं पांडुगल चौराहा → कमल टॉकीज → शिवकुमार प्रतिमा चौराहा → शनवारा → हाईवे होते हुए हतनूर विसर्जन घाट की ओर जाएंगी।
आयोजकों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित रूट में किसी प्रकार का बदलाव स्वयं न करें।
*बच्चों को विसर्जन घाट पर न लाएं*। भीड़, पानी एवं अन्य संभावित जोखिमों को देखते हुए अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों को विसर्जन घाट से दूर रखने की अपील की गई।
नशे में जुलूस में शामिल न हों। गणेश चल समारोह में शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर शामिल होने से बचें।
आयोजकों को भी ऐसे व्यक्तियों पर नजर रखने तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीजे में आपत्तिजनक एवं अश्लील गाने न बजाएं। फिल्मी/आपत्तिजनक गीतों के स्थान पर धार्मिक एवं मर्यादित संगीत का उपयोग करने की समझाइश दी गई।
धार्मिक स्थलों के सामने अनावश्यक रूप से तेज आवाज में गाने अथवा डीजे न बजाएं। किसी भी समुदाय के धार्मिक स्थलों की गरिमा का ध्यान रखते हुए आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
चल समारोह के दौरान डीजे एवं वाहन की गति नियंत्रित रखने तथा भीड़ के बीच तेज गति से वाहन न चलाने के निर्देश दिए गए।
जुलूस में शामिल वाहनों पर निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्ति न बैठें तथा वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें।
पंडाल एवं चल समारोह के दौरान आगजनी से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन घाट पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आयोजक समिति के सदस्य स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाए रखें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
विसर्जन के दौरान नदी/जल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें तथा निर्धारित सुरक्षित स्थान से ही प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करें।
किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने गणेश पंडाल आयोजकों से कहा कि शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित गणेश विसर्जन के लिए पुलिस, प्रशासन, आयोजन समितियों एवं आमजन का आपसी समन्वय आवश्यक है। सभी समितियां अपने-अपने स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी सुनिश्चित करें।